रांची, 17 अगस्त: झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के पूर्व अध्यक्ष एवं मार्गदर्शक स्वर्गीय अमिताभ चौधरी की चौथी पुण्यतिथि पर रविवार को रांची और जमशेदपुर में श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की गईं। JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, रांची और कीनन स्टेडियम, जमशेदपुर में आयोजित कार्यक्रमों में संघ के पदाधिकारियों, पूर्व अधिकारियों, सदस्यों, खिलाड़ियों, कोच और क्रिकेट प्रेमियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया।
रांची में पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने किया नमन
रांची के JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में संघ के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पाण्डेय, सहायक सचिव शाहवाज नद्दीम, कार्यकारिणी सदस्य मिहिर प्रितेश टोपनो और रत्नेश कुमार सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान JSCA के पूर्व अध्यक्ष संजय सहाय, कंट्री क्रिकेट क्लब के कोषाध्यक्ष विनय बिहारी कर्ण, डायरेक्टर अजित कुमार, JSCA सदस्य शिव कुमार पाण्डेय, विजय कुमार पुरी, सौमित्र पटनायक, किशोर चंद्र, सुरेश कुमार, सुभाष चटर्जी और अभिषेक कुमार सिंह समेत विभिन्न टीमों के कोच, खिलाड़ी, क्रिकेट प्रेमी और JSCA एवं कंट्री क्रिकेट क्लब के कर्मचारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
जमशेदपुर में भी आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा
अमिताभ चौधरी की पुण्यतिथि पर कीनन स्टेडियम, जमशेदपुर में भी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। यहां JSCA के सचिव सौरभ तिवारी, कोषाध्यक्ष अमितावा घोष और आजीवन सदस्य राजेश वर्मा सहित अन्य सदस्यों ने स्वर्गीय अमिताभ चौधरी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
कार्यक्रम में राजीव वधान, परवेज खान, असीम कुमार सिंह, मनोज यादव, तरीत घोष, दिपू सिंह, व्यास और आशीष सिन्हा समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
झारखंड क्रिकेट में योगदान को किया याद
श्रद्धांजलि सभा में स्वर्गीय अमिताभ चौधरी के झारखंड क्रिकेट में योगदान को याद किया गया। JSCA की ओर से कहा गया कि उन्होंने राज्य में क्रिकेट को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में झारखंड क्रिकेट ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की और राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कई प्रयास किए गए।
संघ की ओर से कहा गया कि अमिताभ चौधरी केवल एक कुशल क्रिकेट प्रशासक ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के मार्गदर्शक भी थे। झारखंड क्रिकेट के विकास में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने उनके योगदान को नमन करते हुए कहा कि उनकी कमी खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों को हमेशा महसूस होती रहेगी।
इसे भी पढ़े – अशोक धाम मंदिर में भीषण भगदड़, 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत, 12 से ज्यादा घायल
