Tuesday, October 13

चतरा: JSSC CGL परीक्षा में कथित अनियमितता की जांच के बीच चतरा जिले से बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। पत्थलगड्डा प्रखंड के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (BSO) तेजनारायण पंडित को पुलिस ने हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई CID के निर्देश पर की गई है। हिरासत में लेने के बाद पुलिस उनसे परीक्षा में कथित गड़बड़ी से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, JSSC CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच के दौरान तेजनारायण पंडित का नाम सामने आया था। इसके बाद मामले की जांच कर रही एजेंसियों की निगाह उनकी भूमिका पर भी गई। इसी क्रम में स्थानीय पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

कई बिंदुओं पर हो रही पूछताछ

पुलिस सूत्रों के अनुसार, BSO से परीक्षा से जुड़े संपर्क, गतिविधियों और कथित अनियमितताओं को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। हालांकि, तेजनारायण पंडित की भूमिका को लेकर अभी तक कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पूछताछ के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामले में उनकी क्या भूमिका रही है।

फिलहाल पुलिस या CID की ओर से हिरासत और पूछताछ को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

CGL रद्द होने के बाद जांच तेज

JSSC CGL परीक्षा को लेकर पिछले कई दिनों से झारखंड में अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है। परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच और CBI जांच की मांग को लेकर छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।

इसी बीच 17 अगस्त की शाम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने JSSC CGL परीक्षा को रद्द करने की घोषणा की थी। सरकार ने परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी TDPL से जुड़ी अन्य परीक्षाओं को भी रद्द करने का ऐलान किया है। साथ ही परीक्षा प्रक्रिया में सुधार के लिए कमेटी गठित करने की बात कही गई है।

CGL परीक्षा रद्द किए जाने के बाद अब जांच एजेंसियों की कार्रवाई भी तेज होती दिख रही है। पत्थलगड्डा BSO को हिरासत में लेकर पूछताछ इसी कड़ी की अहम कार्रवाई मानी जा रही है। हालांकि, जांच पूरी होने और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

इसे भी पढ़े – JPSC-JSSC परीक्षा गड़बड़ी की जांच में नया मोड़, अभय तिवारी के भाई और पत्नी से पूछताछ

Share.
Next Story
झारखंड में बारिश का नया दौर, तीन जिलों में रेड अलर्ट; कई इलाकों में आंधी-वज्रपात का खतरा
Exit mobile version