Friday, October 2

रांची: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 की तारीख तय हो गई है। झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) की ओर से जारी सूचना के मुताबिक परीक्षा 1 नवंबर को राज्य के अलग-अलग केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी 15 अक्टूबर से JAC की आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।

पहली पाली में कक्षा 6 से 8 यानी उच्च प्राथमिक स्तर के लिए परीक्षा होगी। यह परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी। वहीं दूसरी पाली में कक्षा 1 से 5 यानी प्राथमिक स्तर की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।

परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले पहुंचना होगा

JAC ने अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्र का मुख्य गेट बंद कर दिया जाएगा। पहली पाली के लिए सुबह 9 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।

ऐसे में अभ्यर्थियों को ट्रैफिक और अन्य संभावित दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।

एडमिट कार्ड के साथ आधार कार्ड जरूरी

परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड के साथ मूल आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन समेत किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

JAC ने स्पष्ट किया है कि एडमिट कार्ड किसी अभ्यर्थी को डाक से नहीं भेजा जाएगा। सभी अभ्यर्थियों को इसे परिषद की आधिकारिक वेबसाइट से ही डाउनलोड करना होगा।

दिव्यांग अभ्यर्थियों को मिलेगा 30 मिनट अतिरिक्त समय

दृष्टिबाधित, सेरेब्रल पाल्सी और दोनों हाथों से दिव्यांग अभ्यर्थियों को परीक्षा में 30 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। पात्र अभ्यर्थी नियमों के अनुसार श्रुति लेखक की सुविधा भी ले सकेंगे।

इसके लिए दिव्यांगता प्रमाण पत्र और संबंधित आवेदन परीक्षा से पहले जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में जमा करना होगा। प्रमाण पत्र के आधार पर पात्रता तय होने के बाद श्रुति लेखक की व्यवस्था की जाएगी।

इसे भी पढ़े – वियतनाम में मृत राजा कुमार के शव की वापसी के लिए… राज्य सरकार ने भेजा विदेश मंत्रालय को ई-मेल

Share.
Next Story
झारखंड के स्कूल-कॉलेजों में खुलेंगे 5 हजार से ज्यादा इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब, छात्र सीखेंगे चुनावी प्रक्रिया
Exit mobile version