आधार कार्ड में पता बदलना अब पहले के मुकाबले काफी आसान हो गया है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) की ऑनलाइन सुविधा के जरिए लोग घर बैठे आधार में अपना नया पता अपडेट करने का अनुरोध कर सकते हैं। हालांकि, आवेदन करते समय छोटी-सी गलती भी परेशानी का कारण बन सकती है और आपका एड्रेस अपडेट रिक्वेस्ट रिजेक्ट हो सकता है। ऐसे में आवेदन करने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद अहम है।
वैध दस्तावेज ही करें अपलोड
ऑनलाइन एड्रेस अपडेट के लिए सबसे जरूरी है कि आपके पास वैध पते का प्रमाण हो। UIDAI द्वारा स्वीकार किए जाने वाले दस्तावेजों में बिजली का बिल, पासपोर्ट, बैंक पासबुक और राशन कार्ड जैसे दस्तावेज शामिल हो सकते हैं। दस्तावेज पर आपका नाम और नया पता स्पष्ट रूप से दर्ज होना चाहिए। आवेदन में दी गई जानकारी और दस्तावेज की जानकारी में अंतर होने पर रिक्वेस्ट खारिज हो सकती है।
नाम और पते की स्पेलिंग जांचें
आवेदन भरते समय नाम और पते की स्पेलिंग पर विशेष ध्यान दें। मकान नंबर, गली, मोहल्ला, पिन कोड और लैंडमार्क जैसी जानकारी दस्तावेज के अनुरूप ही दर्ज करें। किसी महत्वपूर्ण जानकारी में अंतर होने पर अपडेट में दिक्कत आ सकती है।
दस्तावेज की क्वालिटी भी जरूरी
अपलोड किए जाने वाले दस्तावेज की तस्वीर या स्कैन साफ और पढ़ने योग्य होना चाहिए। धुंधली, कटी हुई या अस्पष्ट कॉपी अपलोड करने से आवेदन रिजेक्ट हो सकता है। इसलिए दस्तावेज को ठीक से स्कैन कर अपलोड करें और सभी जरूरी विवरण स्पष्ट दिखने चाहिए।
अपडेट रिक्वेस्ट का स्टेटस करते रहें चेक
आवेदन और निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद मिलने वाले अपडेट रिक्वेस्ट नंबर से स्टेटस ट्रैक किया जा सकता है। यदि आवेदन खारिज होता है, तो दिए गए कारण को समझकर सही दस्तावेज और जानकारी के साथ दोबारा आवेदन किया जा सकता है।
