Thursday, November 5

रांची: रांची के मांडर थाना क्षेत्र के मालटोटी गांव में अवैध अंग्रेजी शराब बनाने की फैक्टरी का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गांव निवासी बिरसा मुंडा के मकान से अलग-अलग ब्रांड की करीब 300 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की है। मांडर थाना और कुडू थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए इस अवैध कारोबार का खुलासा किया। मौके से शराब के अलावा केमिकल, बोतलों को सील करने वाली मशीन और सिंटेक्स भी बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार, बिरसा मुंडा ने अपना मकान किराये पर दे रखा था। इसी मकान में पिछले करीब छह महीने से अवैध रूप से अंग्रेजी शराब बनाने और उसकी पैकिंग का कारोबार चल रहा था। यहां शराब तैयार करने के बाद अलग-अलग ब्रांड की बोतलों में पैकिंग की जाती थी। पुलिस की कार्रवाई में बड़ी मात्रा में तैयार शराब और इसके निर्माण में इस्तेमाल होने वाले सामान बरामद हुए हैं।

बिहार तक जुड़े हो सकते हैं कारोबार के तार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अवैध शराब के इस कारोबार का नेटवर्क बिहार तक फैला होने की आशंका है। यहां तैयार की जाने वाली शराब की बिहार में भी सप्लाई किए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि शराब कहां तैयार की जाती थी, इसकी सप्लाई किन इलाकों में होती थी और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

कुडू थाना क्षेत्र में भी पकड़ा गया था मामला

इस कार्रवाई के बाद कुडू थाना क्षेत्र में भी पकड़े गए अवैध शराब के मामले का जिक्र हो रहा है। मांडर और कुडू पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सामने आए इस नेटवर्क के बाद पुलिस की स्थानीय स्तर पर निगरानी और कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। करीब छह महीने से एक मकान में अवैध शराब बनाने और पैकिंग का कारोबार चल रहा था, ऐसे में इसकी भनक स्थानीय पुलिस को क्यों नहीं लगी, यह जांच का विषय है।

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। साथ ही मकान किराये पर लेने वाले लोगों, शराब के निर्माण, पैकिंग और सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

Share.
Next Story
JHARKHAND DIGITAL BREAKING: गोड्डा में रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात! 12 साल की बच्ची की हत्या, बहियार में मिला शव…सिर गायब होने से मचा हड़कंप
Exit mobile version