Thursday, November 5

जलावन के लिए रिजेक्ट कोयला निकालने के दौरान हुआ हादसा, छह महिलाएं और एक पुरुष आए मलबे की चपेट में; सीसीएल अस्पताल में तीन महिलाओं ने तोड़ा दम

बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल में गुरुवार की अहले सुबह एक दर्दनाक हादसे में तीन महिलाओं की जान चली गई। कथारा ओपी क्षेत्र स्थित कथारा कोलियरी के नंबर-5 स्टॉकयार्ड में कोयले का विशाल ढेर अचानक भरभराकर धंस गया। इसकी चपेट में आने से छह महिलाएं और एक पुरुष समेत सात लोग कोयले के मलबे में दब गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर चीख-पुकार शुरू हो गई।

जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह करीब 4:45 बजे की है। बताया जा रहा है कि स्थानीय ग्रामीण जलावन के लिए स्टॉकयार्ड में जमा रिजेक्ट कोयला निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान कोयले का ऊंचा ढेर अचानक धंस गया। लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और सात लोग भारी मात्रा में गिरे कोयले के नीचे दब गए।

स्थानीय लोगों ने चलाया बचाव अभियान

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत कर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को इलाज के लिए सीसीएल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में कौशल्या देवी और पुष्पा देवी की पहचान हुई है, जबकि तीसरी महिला की पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। तीनों महिलाएं बांध बस्ती की रहने वाली बताई जा रही हैं।

अवैध तरीके से कोयला निकालने के दौरान हादसे की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण कथित तौर पर अवैध रूप से कोयला निकाल रहे थे। इसी दौरान स्टॉकयार्ड में जमा कोयले का ढेर धंसने से यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और सीसीएल प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। बेरमो एसडीपीओ रवींद्र सिंह ने भी घटना की जानकारी दी है।

इस हादसे ने एक बार फिर कोयला क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और स्टॉकयार्ड से कोयला निकालने की गतिविधियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर किस परिस्थिति में ग्रामीणों कोयला निकालने के लिए स्टॉकयार्ड तक पहुंचे और वहां सुरक्षा के क्या इंतजाम थे, इसकी जांच की जा रही है।

Share.
Next Story
आज दोपहर 12 से 1 बजे तक चलेगा #DownloadECINet अभियान, निर्वाचन आयोग ने की लोगों से जुड़ने की अपील
Exit mobile version