Monday, November 23

लुगुबुरू महोत्सव को विश्वस्तरीय बनाने की तैयारी तेज, उपायुक्त-एसपी ने किया स्थल निरीक्षण
22 से 24 नवंबर तक होगा राजकीय महोत्सव, मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर विशेष तैयारी; श्रद्धालुओं की सुरक्षा, चिकित्सा और यातायात व्यवस्था पर जोर

बोकारो। संथाल आदिवासी समाज की आस्था, संस्कृति और गौरव के प्रतीक लुगुबुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव को इस बार ऐतिहासिक और विश्वस्तरीय स्वरूप देने की तैयारी तेज हो गई है। आगामी 22 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने गुरुवार को उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने ललपनिया पहुंचकर विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इसके बाद आयोजन समिति और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पारंपरिक विधि-विधान से लुगुबाबा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद मुख्य पूजा स्थल पुनाय थान, चिल्ड्रेन पार्क, मुख्य कार्यक्रम स्थल, टेंट सिटी और हेलीपैड सहित विभिन्न पार्किंग स्थलों का जायजा लिया। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश और आवागमन की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

चिकित्सा व्यवस्था पर विशेष जोर
उपायुक्त ने चिकित्सा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिया कि 22 से 24 नवंबर तक पहाड़ पर मेडिकल टीम तैनात रहेगी। मंदिर के समीप स्थायी मेडिकल टीम के अलावा चढ़ाई के रास्ते में अस्थायी मेडिकल कैंप भी बनाए जाएंगे। मेडिकल कर्मियों के ठहरने, भोजन, दवाइयों और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था होगी। आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित नीचे लाने के लिए स्ट्रेचर भी उपलब्ध रहेंगे। मेडिकल टीमों की निगरानी के लिए अलग मेडिकल मॉनिटरिंग सेल बनाया जाएगा।

छह किलोमीटर मार्ग पर विशेष ट्रैफिक प्लान
आश्रम विद्यालय से महोत्सव स्थल तक लगभग छह किलोमीटर लंबे मार्ग पर विशेष यातायात व्यवस्था की जाएगी। सड़क पर डिवाइडर, बैरिकेडिंग और झाड़ियों की सफाई कराई जाएगी। खाई के समीप संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे। बड़े वाहनों की पार्किंग आश्रम विद्यालय के समीप होगी, जबकि श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए ऑटो की व्यवस्था की जाएगी। 24 नवंबर को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा।

स्वच्छता और आकर्षक सजावट पर फोकस
पूरे मेला क्षेत्र में सफाई कर्मियों की पर्याप्त तैनाती होगी। शौचालय, कचरा प्रबंधन और प्लास्टिक अपशिष्ट के निस्तारण की व्यवस्था की जाएगी। महोत्सव समाप्त होने के बाद भी कम से कम दो दिनों तक विशेष सफाई अभियान चलेगा। बिरसा चौक से मुख्य प्रवेश द्वार तक आकर्षक स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी। सजावट में संथाल संस्कृति, आदिवासी गौरव और झारखंड की पहचान को प्रमुखता दी जाएगी।

पारंपरिक तरीके से होगा अतिथियों का स्वागत
मुख्यमंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथियों के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर मंचीय आयोजन की मिनट-टू-मिनट रूपरेखा तैयार करने का निर्देश दिया गया है। ध्वनि व्यवस्था, एलईडी स्क्रीन और बिजली के वैकल्पिक इंतजाम पहले से सुनिश्चित होंगे। अतिथियों को स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित बांस के सूप में अंगवस्त्र और महोत्सव की जानकारी वाली पुस्तिका देकर पारंपरिक तरीके से आमंत्रित करने का सुझाव दिया गया है। पारंपरिक पगड़ी और स्थानीय शिल्प से जुड़े स्मृति-चिह्न भी तैयार किए जाएंगे।

उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि लुगुबुरू महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि संथाल समाज की आस्था, संस्कृति, परंपरा और गौरव का प्रतीक है। इसे ऐसा भव्य स्वरूप दिया जाएगा, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के बीच झारखंड की समृद्ध आदिवासी विरासत की विशिष्ट पहचान स्थापित हो सके।
वहीं, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने सुरक्षा व्यवस्था, वायरलेस संचार और संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

Share.
Next Story
झारखंड के 26 साल का जश्न: 15 से 28 नवंबर तक बोकारो में होंगे भव्य आयोजन
Exit mobile version