रांची: खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा से झारखंड का नाम रोशन करने वाली अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग थ्रो बॉल खिलाड़ी महिमा उरांव को अबुआ आवास योजना के तहत पक्का घर मिलने का रास्ता साफ हो गया है। नामकुम प्रखंड के सोदाग बगीचा टोली की निवासी महिमा को योजना के तहत आवास की स्वीकृति के साथ पहली किस्त भी प्रदान की गई है। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने उन्हें आवास योजना से संबंधित प्रस्ताव पत्र सौंपा।
एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी को सरकारी आवास योजना से जोड़ने की इस पहल से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिमा ने अपनी उपलब्धियों से क्षेत्र और झारखंड को गौरवान्वित किया है। ऐसे में उन्हें आवास योजना का लाभ मिलना दिव्यांगजनों के समावेश और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में अहम कदम है।
जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता
कार्यक्रम में मौजूद मुखिया पतरस तिर्की ने कहा कि महिमा उरांव ने अपनी प्रतिभा से क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन किया है। उन्हें अबुआ आवास योजना का लाभ दिलाने की पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि पंचायत के प्रतिभावान खिलाड़ियों और जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है, ताकि ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार हो सके।
इस मौके पर उपस्थित लोगों ने महिमा को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उम्मीद जताई कि इस तरह की पहल से ग्रामीण क्षेत्रों के अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
दिव्यांग खिलाड़ियों ने जताई खुशी
दिव्यांगजनों के अधिकार और समावेश के लिए काम कर रहे डॉ. राहुल मेहता, सरिता सिन्हा, पवन लकड़ा और निशा मेहता सहित झारखंड विकलांग जन फोरम के सदस्यों एवं पैरा स्पोर्ट्स खिलाड़ियों ने भी इस पहल का स्वागत किया। उन्होंने खुशी जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि भविष्य में अन्य दिव्यांग खिलाड़ियों को भी सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रिया प्रियंका हेमरोम, मुखिया पतरस तिर्की, कोच मुकेश कंचन, वार्ड सदस्य प्रिया गाड़ी, पंचायत सचिव विक्रम कुमार महतो, जनसेवक एमलेन स्वेता मिंज, सिमोन बखला, विकास बखला, नीलमनी खोया, मेरी नागडुवार, पूनम तिर्की और सिबनाथ बखला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
