मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा और नौकरी देने पर बनी सहमति, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया दुख
झारखंड के चतरा जिले के टंडवा स्थित एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा परियोजना में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान अचानक भारी-भरकम काउंटर वेट नीचे गिर गया। इसकी चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परियोजना परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, एनटीपीसी परियोजना के निर्माणाधीन पाइप कन्वेयर-2 में काउंटर वेट पर वजन डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक भारी काउंटर वेट नीचे गिर पड़ा। वहां काम कर रहे पांच मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल एनटीपीसी के संजीवनी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान टंडवा निवासी राजेंद्र सोनी, हजारीबाग के सिरसी निवासी बालेश्वर पासवान और बिहार के जहानाबाद निवासी बबलू सिंह के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में टंडवा के गोंदा निवासी तिलक गंझू और औरंगाबाद निवासी रंजीत सिंह यादव शामिल हैं। दोनों को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मुआवजे और नौकरी की मांग पर अड़े परिजन
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों में एनटीपीसी प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश देखा गया। लोग प्रत्येक मृतक के परिजन को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग पर अड़े थे। काफी देर तक परियोजना परिसर में बातचीत और विरोध का दौर चलता रहा। अंततः पुलिस-प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, विधायक और मृतकों के परिजनों की मौजूदगी में सहमति बनी कि प्रत्येक मृतक के आश्रित को 50-50 लाख रुपये मुआवजा, नौकरी और अलग से इंश्योरेंस का लाभ दिया जाएगा। एनटीपीसी प्रबंधन ने इस पर सहमति जताई।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। साथ ही अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
मीडिया और जनप्रतिनिधियों को रोकने पर भी उठा सवाल
हादसे के बाद एक और विवाद सामने आया। आरोप है कि परियोजना परिसर में मीडिया और जनप्रतिनिधियों के प्रवेश को सीआईएसएफ ने रोक दिया था। इसको लेकर जनप्रतिनिधियों और मीडिया कर्मियों ने विरोध जताया। हंगामे के बाद प्रबंधन को गेट खोलना पड़ा। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार से जुड़े सवालों और परियोजना की गतिविधियों को सामने लाने से रोकने के उद्देश्य से ऐसा किया गया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल इस हादसे ने निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यस्थल पर अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
