Saturday, November 28

मैट्रिक के टॉप-10 और इंटरमीडिएट के तीनों संकायों के टॉप-5 विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित, बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए विशेष आकलन परीक्षा बनी आधार

रामगढ़: आगामी मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों का प्रदर्शन बेहतर बनाने के लिए रामगढ़ जिला प्रशासन ने विशेष पहल की है। इसी कड़ी में सितंबर महीने में आयोजित विशेष आकलन परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। उपायुक्त ऋतुराज ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया।

इस कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल समेत शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। परीक्षा परिणाम के आधार पर मैट्रिक स्तर पर जिले के टॉप-10 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं इंटरमीडिएट के कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच-पांच विद्यार्थियों को सम्मान मिला।

दरअसल, सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने और बोर्ड परीक्षा की तैयारी को मजबूत करने के उद्देश्य से उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर जिले के सभी सरकारी स्कूलों में एसए-1 (SA-1) की तर्ज पर विशेष आकलन परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों की पढ़ाई का स्तर जांचने और उनकी तैयारी का आकलन करने का प्रयास किया गया।

सम्मान समारोह के दौरान उपायुक्त ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य बच्चों की शैक्षणिक स्थिति का मूल्यांकन करना और पढ़ाई में आ रही कमियों को समय रहते दूर करना है। इससे विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं की बेहतर तैयारी करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई करने, लगातार अभ्यास करने और समय का सही प्रबंधन करने की सलाह दी। साथ ही पूरे आत्मविश्वास और मेहनत के साथ बोर्ड परीक्षा में शामिल होकर जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

उपायुक्त ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यार्थियों की पढ़ाई और प्रदर्शन की नियमित समीक्षा की जाए। साथ ही जिन विषयों में विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है, उनमें अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि आगामी मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में रामगढ़ जिले के सरकारी स्कूलों का परिणाम बेहतर हो सके।

Share.
Next Story
गुजरात ATS का बड़ा खुलासा: वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन की तस्वीरें पाकिस्तान भेजने वाला संदिग्ध गिरफ्तार
Exit mobile version