-कोल इंडिया चेयरमैन को पत्र लिखकर तत्काल समिति गठित करने की मांग, कोल सचिव को भी भेजी प्रतिलिपि
नई दिल्ली। जेबीसीसीआई-XII (संयुक्त द्विपक्षीय समिति) के गठन में हो रही देरी को लेकर अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ ने कोल इंडिया प्रबंधन के प्रति नाराजगी जतायी है. भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) की औद्योगिक इकाई अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ ने समिति के गठन में अनावश्यक विलंब पर आंदोलन की चेतावनी दी है. संगठन के महामंत्री सुजीत सिंह ने 18 नवंबर 2026 को कोल इंडिया के चेयरमैन को पत्र लिखकर अविलंब समिति गठित करने की मांग की है.
पत्र में कहा गया है कि देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में लाखों कोयला कर्मचारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. इसके बावजूद उनके वेतन, भत्तों और अन्य सेवा संबंधी महत्वपूर्ण मुद्दों पर निर्णय लेने वाली सर्वोच्च द्विपक्षीय समिति का गठन अब तक नहीं किया गया है. संघ ने स्पष्ट किया है कि जेबीसीसीआई-XII का गठन प्रबंधन की इच्छा या सुविधा पर निर्भर नहीं है, बल्कि यह कामगारों के वैधानिक और औद्योगिक हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है.
महामंत्री सुजीत सिंह ने कहा कि इस मुद्दे पर पूर्व में भी प्रबंधन को पत्र लिखकर ध्यान आकृष्ट कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है. श्रमिकों के धैर्य की परीक्षा लेना और उनके जायज मुद्दों को अनिश्चितकाल तक लंबित रखना स्वस्थ औद्योगिक संबंधों के हित में नहीं है.
संघ ने चेतावनी दी है कि समय रहते सकारात्मक पहल नहीं होने पर संगठन कोयला कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक और संगठनात्मक स्तर पर आंदोलनात्मक कदम उठाने को बाध्य होगा. इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी. पत्र की प्रतिलिपि कोयला सचिव विक्रम देव दत्त, कोल इंडिया के निदेशक (मानव संसाधन), बीएमएस के कोयला उद्योग प्रभारी के. लक्ष्मा रेड्डी और सह प्रभारी सुधीर घूरडे को भी भेजी गयी है.


