साइबर अपराधी लोगों की मेहनत की कमाई पर सेंध लगाने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। कहीं मोबाइल नंबर हैक कर बैंक खाते से रकम निकाली जा रही है, तो कहीं मोबाइल पर भेजे गए फर्जी लिंक के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। रांची और आसपास के इलाकों में साइबर ठगी के ऐसे ही चार मामले सामने आए हैं। इन घटनाओं में चार लोगों के बैंक खातों से कुल 14 लाख 87 हजार 266 रुपये निकाल लिए गए।

किसी पीड़ित का मोबाइल करीब दो घंटे तक बंद रहा, तो किसी ने अनजान लिंक पर क्लिक कर दिया। वहीं, एक 68 वर्षीय बुजुर्ग के खाते से दो बार में 7.45 लाख रुपये की निकासी कर ली गई। ठगी का पता चलने के बाद सभी पीड़ितों ने साइबर क्राइम थाना, साइबर क्राइम पोर्टल या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई है।
मोबाइल दो घंटे तक रहा बंद, खाते से चार बार में निकले 99 हजार
अरगोड़ा थाना क्षेत्र के पंचम नगर निवासी सुबोध कुमार के बैंक खाते से 99 हजार रुपये की निकासी कर ली गई। उनका बैंक ऑफ इंडिया की हरमू शाखा में खाता है। सुबोध का मोबाइल नंबर हैक कर ठगों ने चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए रकम निकाल ली। घटना के दौरान उनका मोबाइल करीब दो घंटे तक बंद रहा। मोबाइल चालू होने के बाद उन्हें खाते से पैसे निकलने की जानकारी मिली।
ठगों ने पहली बार में 50 हजार, दूसरी बार में 30 हजार, तीसरी बार में 15 हजार और चौथी बार में चार हजार रुपये निकाले। इस दौरान सुबोध के पास ठगों का कोई फोन कॉल भी नहीं आया। उन्होंने चारों ट्रांजेक्शन के संदर्भ नंबर पुलिस को सौंप दिए हैं।
बुजुर्ग को पता चलता, तब तक खाते से निकल गए 7.45 लाख
नामकुम के अमेठिया नगर निवासी 68 वर्षीय जय किशोर शर्मा के बैंक खाते को साइबर अपराधियों ने निशाना बनाया। उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक में उनके खाते से छह नवंबर की रात दो बार में 7 लाख 45 हजार रुपये निकाल लिए गए। पहले ट्रांजेक्शन में 2.50 लाख और दूसरे में 4.95 लाख रुपये की निकासी हुई।
दोनों ट्रांजेक्शन के बाद रात 10:16 और 10:18 बजे उनके मोबाइल पर मैसेज आया। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलते ही उन्होंने बैंक के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया और खाता फ्रीज कराने की कार्रवाई की। इसके बाद साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
फर्जी लिंक पर क्लिक किया, युवती के दो खातों से निकले 2.48 लाख
सिकिदिरी थाना क्षेत्र के जयडीहा कुसुमटोली निवासी 21 वर्षीय निरासो कुमारी को मोबाइल पर आए एक लिंक पर क्लिक करना भारी पड़ गया। छह अक्टूबर को उनके मोबाइल पर लिंक आया था। उन्होंने उस पर क्लिक कर दिया। अगले दिन उनका मोबाइल बंद हो गया। इसके बाद 28 अक्टूबर को जांच कराने पर उन्हें अपने बैंक खातों से साइबर ठगी के जरिए रकम निकाले जाने का पता चला।
उनके दोनों बैंक खातों से कुल 2 लाख 48 हजार 500 रुपये निकाले गए। इनमें एक खाते से 77 हजार और दूसरे खाते से 1 लाख 71 हजार 500 रुपये की निकासी हुई। निरासो ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
विजय तिर्की के खाते से दो बार में 4.14 लाख की निकासी
कोकर के डेला टोली, जेवियर नगर निवासी विजय तिर्की के केनरा बैंक खाते से नौ नवंबर को 4 लाख 14 हजार 766 रुपये निकाल लिए गए। अपराधियों ने दो ट्रांजेक्शन के जरिए इस रकम की निकासी की। पहली बार में 2 लाख 67 हजार 766 रुपये और दूसरी बार में 1 लाख 47 हजार रुपये निकाले गए।
खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद विजय ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने शिकायत का एक्नॉलेजमेंट नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया है।
इन सावधानियों से बच सकते हैं साइबर ठगी से
- मोबाइल पर आने वाले किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। बैंक, बिजली विभाग, केवाईसी अपडेट या इनाम के नाम पर भेजे गए लिंक की आधिकारिक माध्यम से जांच करें।
- मोबाइल में अनजान ऐप डाउनलोड न करें। किसी के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस ऐप इंस्टॉल करने से बचें।
- बैंक खाते का ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी और यूपीआई पिन किसी के साथ साझा न करें। बैंक अधिकारी भी फोन पर ये जानकारी नहीं मांगते।
- अचानक मोबाइल नेटवर्क बंद होने या सिम काम नहीं करने पर सतर्क हो जाएं। दूसरे फोन से तत्काल मोबाइल ऑपरेटर और बैंक से संपर्क कर सिम व खाते की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
- बैंक खाते में ट्रांजेक्शन अलर्ट चालू रखें। नियमित रूप से बैंक स्टेटमेंट और यूपीआई ट्रांजेक्शन की जांच करें। किसी भी संदिग्ध निकासी की जानकारी मिलते ही बैंक को सूचित करें।


