लोहरदगा: शहर की जामा मस्जिद और हजरत बाबा दुखन शाह के मजार शरीफ में मंगलवार देर रात तोड़फोड़ और धार्मिक ग्रंथ को नुकसान पहुंचाने के आरोप के बाद बुधवार को इलाके का माहौल गरमा गया। घटना रात करीब 2 बजे से 2:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही लोगों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मस्जिद और मजार में घुसकर तोड़फोड़ का आरोप
अंजुमन इस्लामिया की ओर से सदर थाना पुलिस को दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि युवक जामा मस्जिद और मजार शरीफ में दाखिल हुआ और वहां तोड़फोड़ की। आवेदन के मुताबिक, कुरआन शरीफ को फाड़ने और जलाने की कोशिश की गई। वहीं, मजार पर चढ़ाई गई चादर को भी इधर-उधर फेंकने का आरोप है।
सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में जामा मस्जिद पहुंचे। वहां एक युवक को लोगों ने पकड़ रखा था, जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पकड़े जाने के बाद युवक से पूछताछ भी की गई। आवेदन में दावा किया गया है कि पूछताछ के दौरान उसने आगे भी तोड़फोड़ होने जैसी बात कही। इसके बाद लोगों के बीच यह आशंका बढ़ गई कि कहीं इस घटना के पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं है।
सड़क पर उतरे लोग, गहराई से जांच की मांग
घटना के विरोध में बुधवार सुबह मुस्लिम समाज के सैकड़ों लोग जामा मस्जिद के सामने जुटे। करीब 11:30 बजे से दोपहर एक बजे तक लोगों ने सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि युवक के व्यवहार, उसके कृत्य और उसके बयान को देखते हुए घटना की गंभीरता से जांच जरूरी है। लोगों ने आशंका जताई कि किसी गिरोह ने युवक को यहां भेजकर सुनियोजित तरीके से यह घटना कराई हो सकती है।
मुस्लिम समाज के लोगों ने पुलिस से मांग की कि मामले की तह तक जाकर जांच की जाए और अगर किसी दूसरे व्यक्ति या गिरोह की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।
नेपाल का रहने वाला है हिरासत में लिया गया युवक
सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवक की पहचान 28 वर्षीय नौशाद अंसारी के रूप में हुई है। वह हजरत अंसारी का पुत्र है और नेपाल के मधेश प्रदेश के सप्तरी जिले के राजविराज क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
पुलिस की जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि नौशाद का ननिहाल बिहार के अररिया जिले में है। उसके मौसा का नाम भी नौशाद अंसारी बताया गया है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह नेपाल से लोहरदगा कैसे पहुंचा और मंगलवार देर रात जामा मस्जिद और मजार परिसर में किस तरह दाखिल हुआ।
मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात भी सामने आई
मामले की जांच में युवक की मानसिक स्थिति का पहलू भी सामने आया है। एसपी सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि युवक के परिवार वालों से पूछताछ की गई है। इसमें उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आई है।
हालांकि, पुलिस ने घटना के पीछे किसी साजिश या किसी दूसरे व्यक्ति की भूमिका की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
समय पर पहुंची पुलिस, टली बड़ी घटना
सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और युवक को हिरासत में ले लिया गया। उनके अनुसार, समय पर पुलिस के पहुंचने से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंचती तो युवक के साथ भीड़ द्वारा हिंसा की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।
फिलहाल अंजुमन इस्लामिया के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस युवक की मानसिक स्थिति की भी जांच कराएगी। साथ ही घटना के पीछे किसी साजिश या अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद इलाके में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है।
इसे भी पढ़े – हजारों करोड़ का चंदा कहीं मनी लॉन्ड्रिंग तो नहीं – JMM
