रांची: आम लोगों की शिकायतों को सुनने और उनके समाधान के लिए रांची पुलिस ने ‘जन शिकायत समाधान कार्यक्रम’ शुरू किया है। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर जिले के विभिन्न थानों और ओपी में यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसकी खास बात यह है कि एसएसपी समेत जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद थानों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं।
इस पहल के तहत एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी और ट्रैफिक एसपी अलग-अलग थानों में जाकर आम लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं। इस दौरान लोगों की शिकायतें सुनी जा रही हैं और उनके त्वरित व प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक पहल की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों तक सीधे पहुंच रहे लोग
जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को अपनी समस्याएं सीधे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के सामने रखने का अवसर देना है। इससे शिकायतों को गंभीरता से सुनने और उनके निस्तारण की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
रांची पुलिस की इस पहल से पुलिस और आम जनता के बीच संवाद मजबूत करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही, लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।
