कॉमनवेल्थ और एशियन मेडलिस्ट खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम में झारखंड के दिनेश महतो, सुनील बहादुर और रेशमा कुमारी शामिल; दिल्ली की अर्जुना अवार्डी पिंकी भी टीम का हिस्सा
रांची। अंतरराष्ट्रीय लॉन बॉल्स के मैदान में भारत एक नई चुनौती के लिए तैयार है। न्यूजीलैंड और भारत के बीच तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय लॉन बॉल्स टेस्ट सीरीज का आयोजन 16 से 18 नवंबर 2026 तक न्यूजीलैंड के ऑकलैंड स्थित रॉयल ओक बाउल्स में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित सीरीज में भारतीय टीम की ओर से झारखंड के तीन खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनमें दिनेश महतो, कॉमनवेल्थ मेडलिस्ट सुनील बहादुर और एशियन मेडलिस्ट रेशमा कुमारी शामिल हैं। वहीं, अर्जुना अवार्ड से सम्मानित और कॉमनवेल्थ मेडलिस्ट दिल्ली की पिंकी भी भारतीय टीम का हिस्सा हैं।
चार खिलाड़ियों की टीम में तीन झारखंड से
झारखंड लॉन बॉल संघ के महासचिव सह कोच मधुकांत पाठक ने बताया कि भारतीय टीम में कुल चार खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें तीन खिलाड़ी झारखंड के हैं। चारों खिलाड़ी इन दिनों रांची के मैदान में जमकर पसीना बहा रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की तैयारी में जुटे हैं। झारखंड के खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन राज्य के लिए गौरव की बात है।
तीन दिनों में होंगे कुल तीन टेस्ट
न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय खेल संस्था Bowls New Zealand के नियंत्रण एवं दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस सीरीज में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। प्रत्येक देश की टीम में दो पुरुष और दो महिला खिलाड़ी शामिल होंगे। तीन दिनों के दौरान कुल तीन टेस्ट खेले जाएंगे। प्रत्येक टेस्ट में पांच मुकाबले होंगे, जिनमें पुरुष पेयर्स, महिला पेयर्स, मिक्स्ड फोर्स और दो मिक्स्ड पेयर्स मुकाबले शामिल हैं।
हर मुकाबले में मिलेंगे तीन अंक, सीरीज जीतने पर मिलेगी प्रतिष्ठित ट्रॉफी
प्रतियोगिता के प्रारूप के अनुसार, प्रत्येक मुकाबले में जीतने वाली टीम को तीन अंक मिलेंगे। एक टेस्ट जीतने के लिए पांच में से कम से कम तीन मुकाबले जीतना अनिवार्य होगा। तीन टेस्ट में से सर्वाधिक टेस्ट जीतने वाली टीम को सीरीज विजेता घोषित किया जाएगा। सीरीज की विजेता टीम को प्रतिष्ठित Marlene Castle – Rajendra Benhani Trophy प्रदान की जाएगी। प्रत्येक मैच के लिए 45 मिनट की समय-सीमा निर्धारित की गई है।
खिलाड़ियों को मिल रही बधाइयां
भारतीय टीम में झारखंड के तीन खिलाड़ियों के चयन पर राज्य के खेल जगत में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों को बधाई देने वालों में झारखंड खेल विभाग के सचिव मुकेश कुमार, निदेशक छवि रंजन, झारखंड लॉन बॉल संघ के अध्यक्ष शीतल झा, झारखंड ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष शिवेंद्र दुबे, संयुक्त सचिव आशीष झा, कोषाध्यक्ष शैलेश सिंह, रितेश झा, बिपिन सिंह, सीडी सिंह, आशु भाटिया, योगेश यादव, अजय नायक, देवेंद्र सिंह, रोहित सिंह, सरोज यादव, शशांक, संजय त्रिपाठी, अजीत कुमार और सिकंदर महतो सहित कई खेल प्रेमी शामिल हैं।
इस अंतरराष्ट्रीय टेस्ट सीरीज को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों को मजबूत करने तथा लॉन बॉल्स को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। झारखंड के खिलाड़ियों से भारतीय टीम को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
