अस्पताल परिसर में नवजात का शव मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार; बच्चे को अस्पताल लाने वाले की तलाश जारी
रांची: झारखंड की राजधानी रांची के बुंडू अनुमंडलीय अस्पताल में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अस्पताल के महिला शौचालय के कमोड में नवजात शिशु का शव मिलने से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन और पुलिस हरकत में आ गए। फिलहाल नवजात को अस्पताल परिसर में कौन लेकर आया था और किन परिस्थितियों में उसका शव शौचालय में छोड़ा गया, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को अस्पताल की एक महिला कर्मचारी किसी काम से महिला शौचालय गई थी। इसी दौरान उसकी नजर कमोड में पड़े नवजात के शव पर पड़ी। शौचालय से दुर्गंध भी आ रही थी। इस भयावह स्थिति की जानकारी महिला कर्मचारी ने तत्काल अस्पताल प्रबंधन को दी। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने बिना देरी किए बुंडू थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद नवजात के शव को कमोड से बाहर निकालकर अपने कब्जे में ले लिया। बुंडू थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो के अनुसार, नवजात लड़का था और प्रथम दृष्टया उसका शव करीब एक से दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शुक्रवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजने की प्रक्रिया की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उसकी मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि नवजात को अस्पताल परिसर में कौन लेकर आया था और किन परिस्थितियों में उसका शव महिला शौचालय के कमोड में छोड़ा गया। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर महिला शौचालय के भीतर नवजात का शव मिलने से कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इस रहस्यमयी मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
