गोड्डा: महागमा थाना क्षेत्र के घाट बलिया गांव में चल रही मिनी गन फैक्टरी के संचालक पवन कुमार तुरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी 16 सितंबर को गिरफ्तारी के डर से फरार हो गया था। सूत्रों के मुताबिक बोकारो एसीपी नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर बोकारो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे रांची भागने के क्रम में एक बेरियर के समीप दबोच लिया और गोड्डा भेज दिया।
रांची भागने के दौरान बोकारो पुलिस ने पकड़ा
जानकारी के अनुसार पवन कुमार तुरी अपनी कार से गोड्डा से रांची के लिए निकला था। इस बीच बोकारो पुलिस उसकी रेकी कर रही थी और उसकी हरकतों पर नजर बनाए हुए थी। देर रात जब वह बेरियर के पास पहुंचा, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे गोड्डा पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मिनी गन फैक्टरी में हुई थी संयुक्त छापेमारी
सूत्रों के मुताबिक इससे पहले इस मिनी गन फैक्टरी में बिहार एसटीएफ और गोड्डा पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की थी, जिसमें बड़ी मात्रा में हथियार बनाने से संबंधित सामग्री बरामद हुई थी। इस छापेमारी के बाद ही पवन कुमार तुरी फरार हो गया था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
गोड्डा पुलिस की ओर से अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं
हालांकि, पवन कुमार तुरी की गिरफ्तारी को लेकर गोड्डा पुलिस की तरफ से अभी तक मीडिया को कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गयी है। मामले की औपचारिक पुष्टि होना अभी बाकी है, ऐसे में यह खबर फिलहाल सूत्रों के हवाले से ही सामने आयी है। पुलिस से आधिकारिक बयान आने के बाद मामले में और स्पष्टता आने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़े – झारखंड कांग्रेस ने पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं को बना दिया है फुटबॉल…उपाध्यक्ष अभिलाष साहू का सम्मान तार तार
