खलारी (रांची)। खलारी क्षेत्र में कोयला कारोबार से जुड़े ट्रक मालिकों, चालकों और खलासियों को धमकी भरा पत्र जारी कर चूरी माइंस से कोयला ढुलाई बंद रखने की चेतावनी दी गई है। उत्तरी-दक्षिणी सीमांत छोटानागपुर मध्य सबजोनल कमेटी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) के नाम से जारी इस पत्र में कहा गया है कि जब तक डीओ होल्डर, लिफ्टर और डंप कमेटी संगठन के साथ बातचीत नहीं करते, तब तक चूरी माइंस से कोयले की ढुलाई बंद रहेगी।
20 नवंबर 2026 की तारीख वाले इस पत्र में ट्रक मालिकों, ड्राइवरों और खलासियों को संगठन के निर्देशों की अनदेखी नहीं करने की चेतावनी दी गई है। पत्र में 11 फरवरी 2026 को डकरा पेट्रोल पंप के सामने हुई आगजनी की घटना का जिक्र करते हुए दोबारा ऐसी कार्रवाई की धमकी दी गई है। इसमें कहा गया है कि यदि संगठन की चेतावनी के बावजूद कोयला ढुलाई जारी रहती है, तो इस बार एक नहीं, बल्कि कई ट्रकों में आग लगाई जा सकती है।
खलारी ही नहीं, दूसरे रास्तों पर भी ट्रकों को निशाना बनाने की धमकी
धमकी भरे पत्र में कहा गया है कि कोयला लदे ट्रक केवल खलारी तक ही नहीं चलते, बल्कि खलारी से बिजुपाड़ा रोड और चतरा रोड पर भी आवाजाही करते हैं। ऐसे में इन रास्तों पर भी ट्रकों को आग के हवाले किए जाने की धमकी दी गई है। पत्र में ट्रक मालिकों, चालकों और खलासियों को संगठन के खिलाफ नहीं जाने की चेतावनी दी गई है।
नुकसान की जिम्मेदारी दूसरों पर डालने की चेतावनी
पत्र में यह भी कहा गया है कि संगठन के मना करने के बावजूद चूरी माइंस से कोयला ढुलाई जारी रही, तो संगठन की ओर से ‘फौजी कार्रवाई’ की जाएगी। इसमें जान-माल के नुकसान की आशंका जताते हुए इसकी जिम्मेदारी चूरी डंप कमेटी, डीओ होल्डर, लिफ्टर और ट्रक मालिकों, चालकों व खलासियों पर डालने की बात कही गई है।
पत्र के अंत में निवेदक के रूप में ‘सुदर्शन जी’ का नाम लिखा गया है। इस धमकी भरे पत्र के सामने आने से चूरी माइंस से जुड़े कोयला कारोबारियों और ट्रांसपोर्टरों में चिंता बढ़ने की आशंका है। अब देखना होगा कि इस मामले में पुलिस और प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।
