Friday, November 27

नगर निगम की सूची में नाम, न बसों के लिए निर्धारित परिसर; पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाओं के अभाव में यात्रियों को परेशानी, सड़क पर बसें खड़ी होने से स्थानीय लोग भी परेशान

रांची: राजधानी रांची के धुर्वा इलाके में संचालित बस स्टैंड की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। यहां से हर दिन 30 से 40 बसें बिहार के अलग-अलग शहरों के लिए रवाना होती हैं, लेकिन इतने बड़े स्तर पर बसों का परिचालन होने के बावजूद बस स्टैंड के पास अपना कोई निर्धारित परिसर नहीं है। इतना ही नहीं, रांची नगर निगम की आधिकारिक बस स्टैंड सूची में भी इसका नाम शामिल नहीं है।

सड़क किनारे खड़ी होती हैं बसें, बढ़ती है जाम की समस्या

बस स्टैंड का अपना परिसर नहीं होने के कारण बसें सड़क किनारे खड़ी की जाती हैं। कई बार आसपास के मोहल्लों की सड़कों पर भी बसों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित होता है और स्थानीय लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। बसों की लगातार आवाजाही से इलाके में यातायात का दबाव भी बढ़ जाता है।

यात्रियों के लिए पेयजल और शौचालय की सुविधा नहीं

बस स्टैंड पर यात्रियों की सुविधा के लिए बुनियादी इंतजाम भी नहीं हैं। यहां न तो पेयजल की समुचित व्यवस्था है और न ही सार्वजनिक शौचालय उपलब्ध है। शौचालय की सुविधा नहीं होने से यात्रियों को परेशानी होती है। वहीं, आसपास के मोहल्लों में खुले में लघुशंका किए जाने से स्थानीय महिलाओं को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है।

धुर्वा से बनारस, सासाराम, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, पटना, बाढ़ और बख्तियारपुर समेत बिहार के कई शहरों के लिए बसें चलती हैं। नियमित परिचालन के बावजूद बसों के खड़े होने और यात्रियों के इंतजार करने के लिए व्यवस्थित जगह उपलब्ध नहीं है।

नगर निगम की आधिकारिक सूची में शामिल नहीं

रांची में नगर निगम और सरकार के अधीन संचालित प्रमुख बस टर्मिनलों में खादगढ़ा स्थित बिरसा मुंडा बस टर्मिनल, आईटीआई बस स्टैंड और सरकारी बस डिपो शामिल हैं। हालांकि, धुर्वा बस स्टैंड का नाम इस सूची में दर्ज नहीं है। इसके बावजूद यहां से नियमित रूप से बसों का परिचालन किया जा रहा है। यहां स्थायी टिकट काउंटर भी संचालित है।

बसों की संख्या और यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए धुर्वा में व्यवस्थित बस स्टैंड की जरूरत महसूस की जा रही है। ऐसे में यात्रियों की सुविधा, स्थानीय लोगों की परेशानी और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में ठोस पहल की आवश्यकता है।

Share.
Next Story
रांची रेलवे स्टेशन पर मानव तस्करी की आशंका, तमिलनाडु ले जाई जा रही 5 नाबालिग बच्चियां मुक्त
Exit mobile version