रांची: झारखंड से राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उन्हें अपनी टीम में राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार रांची पहुंचे डॉ. प्रदीप वर्मा का पार्टी कार्यकर्ताओं ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं के स्वागत के बाद डॉ. प्रदीप वर्मा ने पार्टी नेतृत्व और प्रदेश के कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।
डॉ. वर्मा ने अपनी नई जिम्मेदारी को सिर्फ अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि मानने से इनकार करते हुए कहा कि यहां तक पहुंचने के सफर में झारखंड बीजेपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का लगातार सहयोग मिला है। उन्होंने इसे पूरे संगठन के सहयोग का परिणाम बताया।
झारखंड के राजनीतिक हालात पर सरकार को घेरा
राष्ट्रीय सचिव बनने के बाद डॉ. प्रदीप वर्मा ने झारखंड की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता बीजेपी की ओर उम्मीद से देख रही है।
उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की सरकार को करीब सात साल हो चुके हैं, लेकिन इस दौरान लोगों में निराशा बढ़ी है। खासकर युवाओं को लेकर उन्होंने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि झारखंड के युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं और उन्हें रोजगार के लिए सड़कों पर आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में नौकरियों को बेचने जैसी स्थिति बन गई है और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर लगातार विवाद सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि छात्रों का सड़क पर उतरना इस बात का संकेत है कि युवाओं में व्यवस्था को लेकर भरोसे का संकट पैदा हुआ है। बीजेपी नेता ने दावा किया कि आने वाले समय में पार्टी युवाओं और आम लोगों के मुद्दों को लेकर मजबूती से आवाज उठाएगी।
इसे भी पढ़े –JPSC 14वीं परीक्षा में कथित फर्जीवाड़े की जांच तेज, तीन सफल अभ्यर्थी CID रिमांड पर


