रांची: झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद की ओर से आयोजित ANM/GNM प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 को लेकर रांची जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से कराने के लिए जिले के 6 परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है।

रांची जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह निषेधाज्ञा 23 अगस्त 2026 की सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास कुछ गतिविधियों पर पूरी तरह रोक रहेगी।
5 या उससे अधिक लोगों के जमा होने पर रोक
निषेधाज्ञा के दौरान परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में पांच या पांच से अधिक लोगों के एक जगह जमा होने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, सरकारी काम में लगे अधिकारी-कर्मचारी, सरकारी कार्यक्रम और शवयात्रा को इससे अलग रखा गया है।
इसके अलावा इस क्षेत्र में लाउडस्पीकर या किसी भी तरह के ध्वनि विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल पर भी रोक रहेगी।
हथियार लेकर चलने पर भी प्रतिबंध
प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी तरह के हथियार लेकर चलने पर रोक लगाई है। बंदूक, राइफल, रिवॉल्वर, बम और बारूद जैसे हथियारों के साथ ही लाठी-डंडा, तीर-धनुष, भाला और गड़ासा जैसे हरवे हथियार लेकर चलने की भी अनुमति नहीं होगी। सरकारी ड्यूटी में तैनात अधिकारी-कर्मचारी इससे बाहर रहेंगे।
इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी तरह की बैठक या आमसभा आयोजित करने पर भी प्रतिबंध रहेगा।
सुरक्षा के लिए दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात
जिला प्रशासन के अनुसार, परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और जवानों की तैनाती की गई है।
प्रशासन ने यह कदम परीक्षा केंद्रों के आसपास असामाजिक तत्वों की भीड़ जुटने और किसी तरह की परेशानी पैदा होने की आशंका को देखते हुए उठाया है। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और निष्पक्ष माहौल में संपन्न कराना है।
यह आदेश 23 अगस्त को सुबह 7 बजे से शाम 8 बजे तक लागू रहेगा। उम्मीदवारों और उनके अभिभावकों से भी परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
इसे भी पढ़े – 11वीं ऑल इंडिया पुलिस जूडो क्लस्टर में झारखंड पुलिस का शानदार प्रदर्शन, सिल्वर मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों का सम्मान


