सुबोध दांगी बोले- झारखंड आंदोलन में अहम योगदान देने वाले व्यक्ति के साथ ऐसी घटना दुर्भाग्यपूर्ण, विवाद था तो पुलिस में शिकायत करनी चाहिए थी
जमशेदपुर: झारखंड आंदोलनकारी और पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा पर जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में हुए हमले की झारखंड आंदोलनकारियों ने कड़ी निंदा की है। आंदोलनकारियों ने घटना पर दुख जताते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया और राज्य सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
झारखंड आंदोलनकारी सुबोध दांगी ने कहा कि सूर्य सिंह बेसरा केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश में एक चर्चित चेहरा हैं। झारखंड को अलग राज्य बनाने के आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। ऐसे व्यक्ति के साथ सार्वजनिक कार्यक्रम में मारपीट की घटना होना बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है।
बॉडीगार्ड हटाने पर सरकार से सवाल
सुबोध दांगी ने सवाल उठाया कि आखिर सरकार की ओर से सूर्य सिंह बेसरा का बॉडीगार्ड क्यों हटाया गया? उन्होंने कहा कि जब एक चर्चित झारखंड आंदोलनकारी की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं, तो सरकार को इस मामले में जवाब देना चाहिए।
विवाद था तो पुलिस में दर्ज करानी चाहिए थी शिकायत
सुबोध दांगी ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि दो-तीन महीने पहले नागपुर में कुछ महिलाओं के साथ सूर्य सिंह बेसरा का विवाद हुआ था। हालांकि, उन्होंने कहा कि यदि किसी तरह का विवाद था, तो संबंधित लोगों को पुलिस और प्रशासन के पास शिकायत दर्ज करानी चाहिए थी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में होना चाहिए। किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में अचानक किसी व्यक्ति के साथ मारपीट करना किसी भी सूरत में उचित नहीं है। आंदोलनकारियों ने घटना की निंदा करते हुए इस पूरे मामले को गंभीरता से लेने की बात कही है।
