रेलवे में सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड (RRB) ने आइसोलेटेड कैटेगरी भर्ती 2026 के तहत विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए शॉर्ट नोटिस जारी कर दिया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 4 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। यह भर्ती उन अभ्यर्थियों के लिए अवसर है, जो रेलवे में विशेष और तकनीकी प्रकृति के पदों पर काम करना चाहते हैं।

12वीं पास से पोस्ट ग्रेजुएट तक कर सकेंगे आवेदन
RRB की इस भर्ती में शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग निर्धारित की गई है। कुछ पदों के लिए उम्मीदवार का कम से कम 12वीं पास होना जरूरी है, जबकि कुछ पदों के लिए पोस्ट ग्रेजुएशन की योग्यता मांगी जा सकती है।
आयु सीमा की बात करें तो अभ्यर्थियों की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष होनी चाहिए। वहीं, अलग-अलग पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 30, 32, 33, 35 और 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। इस भर्ती के लिए आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी। पदवार शैक्षणिक योग्यता और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी डिटेल्ड नोटिफिकेशन जारी होने के बाद मिलेगी।
CBT से लेकर स्किल टेस्ट तक होगी चयन प्रक्रिया
आइसोलेटेड कैटेगरी के पदों पर उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले अभ्यर्थियों को कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) में शामिल होना होगा। इसमें निर्धारित मानदंडों के अनुसार सफल होने वाले उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए बुलाया जाएगा।
पद की प्रकृति के अनुसार अगले चरण में स्टेनोग्राफी स्किल टेस्ट (SST), परफॉर्मेंस टेस्ट या टीचिंग स्किल टेस्ट आयोजित किया जा सकता है। इसके बाद उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन और मेडिकल परीक्षण होगा। सभी जरूरी चरण पूरे होने के बाद अंतिम मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी।
आवेदन से पहले जरूर जांच लें योग्यता
रेलवे की इस भर्ती में आवेदन करने के इच्छुक युवाओं को सलाह दी जाती है कि वे फॉर्म भरने से पहले अपनी शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और संबंधित पद की पात्रता अच्छी तरह जांच लें। आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज भी पहले से तैयार रखें।
महत्वपूर्ण तिथियां:
- ऑनलाइन आवेदन शुरू: 5 नवंबर 2026
- आवेदन की अंतिम तिथि: 4 दिसंबर 2026
- आयु गणना की निर्धारित तिथि: 1 जनवरी 2027
भर्ती से जुड़ी पदवार योग्यता, रिक्तियों की संख्या, आवेदन शुल्क और अन्य शर्तों की जानकारी विस्तृत आधिकारिक नोटिफिकेशन में उपलब्ध होगी। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले RRB की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें।


