बंगाल की खाड़ी में सक्रिय डिप्रेशन और कम दबाव क्षेत्र के प्रभाव से झारखंड में लगातार बारिश हो रही है। पिछले कई घंटों से रांची में हो रही बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने रांची समेत राज्य के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई है।
उफनती हरमू नदी , कई इलाकों में भरा पानी
लगातार बारिश के कारण शहर के पंचशील नगर, पंडरा डैम, हरमू आनंद नगर और निवारणपुर समेत हरमू नदी के आसपास के कई निचले इलाकों में पानी भर गया। कई जगहों पर सड़कें भी जलमग्न हो गईं, जिससे पैदल चलने वालों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी बुरी तरह प्रभावित हुई।
पंचशील नगर में घरों में घुसा पानी
पंचशील नगर निवासी कृष्ण कुमार ने बताया कि देर रात तक हुई तेज बारिश के कारण उनके घर में पानी घुस गया था, जिससे परिवार को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। सूचना मिलने पर रांची नगर निगम की क्विक रिस्पांस टीम मौके पर पहुंची और पानी निकालने की कार्रवाई की, जिसके बाद स्थिति में कुछ सुधार हुआ। वहीं निवारणपुर निवासी सचिन मल्होत्रा ने बताया कि हर साल बारिश के दौरान हरमू नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के घरों में पानी भरने की समस्या होती है, इस बार भी ऐसा ही हुआ, हालांकि अब बारिश की रफ्तार कम होने के साथ पानी का स्तर धीरे-धीरे घट रहा है।
प्रशासन अलर्ट, लोगों से सतर्कता की अपील
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी वाली हवाएं झारखंड की ओर आ रही हैं, जिससे मानसूनी बादलों का घनत्व बढ़ने के कारण कई इलाकों में बारिश जारी है। प्रशासन और नगर निगम की टीमें जलजमाव वाले इलाकों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, और लोगों से निचले इलाकों तथा जलभराव वाली सड़कों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
इसे भी पढ़े – कानून का रखवाला ही सवालों के घेरे में! रांची में DSP पर पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप, FIR के बाद मचा हड़कंप
