पश्चिम बंगाल में लगातार हो रही बारिश के बीच न्यू फरक्का और तीलडांगा के बीच रेलवे ट्रैक धंसने से रेल परिचालन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। इसका सीधा असर पाकुड़ रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली ट्रेनों पर पड़ा है। कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, जबकि कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। ट्रेनों के अचानक रद्द और डायवर्ट होने से यात्रियों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं।
युद्धस्तर पर शुरू हुआ मरम्मत कार्य
ट्रैक धंसने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने मरम्मत कार्य तेजी से शुरू कर दिया है। विशेषज्ञों और तकनीकी टीम को मौके पर तैनात किया गया है। रेलवे की पूरी कोशिश है कि जल्द से जल्द ट्रैक को दुरुस्त कर सामान्य रेल परिचालन बहाल किया जा सके।
पाकुड़ स्टेशन पर यात्रियों में अफरा-तफरी
ट्रेनों के रद्द होने और मार्ग बदले जाने की जानकारी मिलते ही पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों में बेचैनी और अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। खासकर पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट, बोलपुर, वर्धमान और कोलकाता जाने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है, क्योंकि पाकुड़ से बड़ी संख्या में लोग इलाज, रोजगार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए इन शहरों की यात्रा करते हैं।
कौन-कौन सी ट्रेनें हुईं प्रभावित
पाकुड़ स्टेशन प्रबंधक एल.आर. हेम्ब्रम के अनुसार, न्यू फरक्का-तीलडांगा के बीच ट्रैक धंसने से पाकुड़ होकर मालदा आने-जाने वाली कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। अप और डाउन दिशा में कुलिक एक्सप्रेस, बालूरघाट एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, गौर एक्सप्रेस और कंचनजंगा एक्सप्रेस को रद्द किया गया है। वहीं उत्तरबंग एक्सप्रेस और जोगबनी एक्सप्रेस समेत कई अन्य ट्रेनों को डायवर्ट रूट से चलाया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रैक मरम्मत पूरी होने के बाद ही प्रभावित सेवाएं सामान्य हो पाएंगी।
इसे भी पढ़े – Staycation और Vacation मे क्या अंतर है ? जानें कौन सा है बेहतर विकल्प ?
