Wednesday, October 14

रांची, 17 अगस्त। सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर राजधानी रांची में लगातार दूसरे वर्ष ‘भोले की दौड़’ (डाक बम) का आयोजन किया गया। श्रावण सोमवारी संध्या महाआरती पहाड़ी मंदिर के मुख्य द्वार के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में कमांडो डिफेंस एकेडमी, मोरहाबादी के युवक-युवतियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

दौड़ की शुरुआत चुटिया स्थित इक्कीसो महादेव स्वर्णरेखा तट से हुई। यहां सभी प्रतिभागियों की आरती के बाद उन्हें जल के साथ रवाना किया गया। शिवभक्त दौड़ते हुए पहाड़ी मंदिर परिसर स्थित महाकाल मंदिर पहुंचे, जहां जलाभिषेक के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

दौड़ के दौरान प्रतिभागियों के हाथों में जल के साथ तिरंगा भी नजर आया। रास्तेभर ‘बोल बम’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से माहौल भक्तिमय और देशभक्ति से ओत-प्रोत रहा। सड़क किनारे मौजूद लोगों ने भी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और उनका स्वागत किया।

शहर के प्रमुख इलाकों से होकर गुजरी दौड़

‘भोले की दौड़’ का मार्ग चुटिया के इक्कीसो महादेव स्वर्णरेखा तट से शुरू होकर केतारी बागान, महादेव मंडा, राम मंदिर, बहु बाजार, कर्बला चौक, चर्च रोड, मेन रोड बजरंगबली, अल्बर्ट एक्का चौक, शहीद चौक, कोतवाली थाना, बकरी बाजार, कार्ट सराय रोड और हरमू शनि मंदिर होते हुए पहाड़ी मंदिर परिसर स्थित महाकाल मंदिर तक रहा।

आयोजक नंद किशोर सिंह चंदेल ने कहा कि रांची में यह आयोजन लगातार दूसरे वर्ष किया गया है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था और राष्ट्रप्रेम के इस समागम को आगे भी जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।

आयोजन में सहयोग करने वालों का जताया आभार

आयोजक ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी, रांची प्रशासन, रांची नगर निगम, एसडीओ रांची, उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, सिटी डीएसपी समेत चुटिया, लोअर बाजार, डेली मार्केट, कोतवाली और सुखदेव नगर थाना के अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के प्रति आभार जताया।

कमांडो डिफेंस एकेडमी, मोरहाबादी के संस्थापक रोहित के नेतृत्व में एकेडमी के युवक-युवतियों ने दौड़ में भाग लिया।

संध्या आरती के बाद खीर महाभोग का वितरण

कार्यक्रम के तहत शाम करीब 5 बजे पहाड़ी मंदिर में भव्य संध्या आरती का आयोजन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच खीर महाभोग का प्रसाद वितरित किया गया।

शिवभक्तों के स्वागत के लिए चुटिया सहित मार्ग में कई स्थानों पर स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। स्वागत समिति में रवि सिंह, छत्रधारी महतो, रेखा महतो, श्याम किशोर सिंह, अनंत तिवारी, मंटू पांडे, गणेश श्यामल, संजय कुमार शशि, रवि प्रताप और रंजीत कुमार महतो सहित अन्य लोग शामिल रहे।

आयोजन में नंद किशोर सिंह चंदेल, निलेश चौधरी, अर्चना मिर्धा, लखन कुमार, अमन ठाकुर, सुनीता देवी, रूबी देवी, रितिक समेत कमांडो डिफेंस एकेडमी के सदस्य और अन्य सहयोगी मौजूद रहे।

आयोजकों के अनुसार, जल, तिरंगा और ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ निकली इस दौड़ ने रांची में भक्ति और राष्ट्रप्रेम का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।

इसे भी पढ़े – JPSC इंटरव्यू में नंबर बढ़वाने के नाम पर 40 लाख वसूली का आरोप, डॉ. अजिता भट्टाचार्य के PA बीएन राम गिरफ्तार

Share.
Next Story
दो साल पुराने JPSC पत्र पर संजय सेठ के सवाल, पूछा- सरकार ने चेतावनी के बाद क्या कार्रवाई की?
Exit mobile version