रांची: करमा पूजा को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व के दौरान पूजा समितियों और शहरवासियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए नगर निगम ने सफाई से लेकर प्रकाश और स्वास्थ्य सुविधाओं तक व्यापक व्यवस्था करने का फैसला लिया है। मंगलवार को मेयर रोशनी खलखो ने निगम के पदाधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और सभी संबंधित शाखाओं को आपसी समन्वय के साथ समय पर काम पूरा करने का निर्देश दिया।
अखड़ा और पूजा स्थलों पर विशेष सफाई
नगर निगम सभी पूजा स्थलों और अखड़ा परिसरों में विशेष सफाई अभियान चलाएगा। घास और झाड़ियों की कटाई, झाड़ू लगाने तथा कूड़ा उठाव की व्यवस्था की जाएगी। अखड़ा परिसरों में दो पालियों में सफाई कराई जाएगी। वार्ड सुपरवाइजर पूजा समितियों और पार्षदों के साथ समन्वय कर नियमित निरीक्षण करेंगे।
बारिश को देखते हुए नालियों पर फोकस
बारिश की संभावना को देखते हुए क्विक रिस्पांस टीमों को अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया गया है। नालियों की विशेष सफाई, घर-घर से कूड़ा उठाव और जलजमाव की समस्या दूर करने पर जोर रहेगा। जरूरत वाले स्थानों पर जेसीबी से समतलीकरण, गड्ढों की मरम्मत और खुले नालों को स्लैब से ढकने की कार्रवाई होगी।
खराब स्ट्रीट लाइटें होंगी दुरुस्त
करमा पूजा से पहले खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराया जाएगा। निगम की 28 टीमों के अलावा जरूरत के अनुसार अतिरिक्त टीमें भी लगाई जाएंगी। सभी अखड़ा स्थलों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। पेड़ों की लटकती शाखाओं की छंटाई भी कराई जाएगी।
फॉगिंग से लेकर चलंत शौचालय तक व्यवस्था
स्वास्थ्य शाखा को पूजा स्थलों और जरूरत वाले इलाकों में नियमित फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़ वाले क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार वाटर टैंकर और चलंत शौचालय उपलब्ध कराए जाएंगे। मेयर ने लोगों से स्वच्छता बनाए रखने और कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की है।
इसे भी पढ़े – सावधान! गोरी त्वचा के चक्कर में न पड़ें! भारत सरकार ने पाकिस्तानी क्रीम को लेकर झारखंड समेत सभी राज्यों को किया अलर्ट
