राँची: राँची रेलवे स्टेशन ने स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और स्टेशन परिसर के बेहतर रखरखाव के मामले में दक्षिण पूर्व रेलवे जोन में अपनी अलग पहचान बनाई है। स्टेशन को बेहतर प्रदर्शन के लिए ‘बेस्ट केप्ट स्टेशन शील्ड-2026’ से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान कोलकाता स्थित दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय में आयोजित वार्षिक दक्षता शील्ड वितरण समारोह में दिया गया। कार्यक्रम के दौरान दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने राँची रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद कुमार को शील्ड प्रदान की।
स्टेशन पर प्रदर्शित की गई सम्मान की शील्ड
सम्मान मिलने के बाद मंगलवार को शील्ड को राँची रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों और रेलकर्मियों के लिए प्रदर्शित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह ने स्टेशन पर शील्ड का प्रदर्शन कराया।
इस मौके पर डीआरएम ने स्टेशन की व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने स्टेशन प्रबंधक सतीश कुमार, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक बिपिन कुमार और मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक महेंद्र सिंह समेत ग्राउंड लेवल पर काम करने वाले रेलकर्मियों के प्रयासों की प्रशंसा की।
24 घंटे सफाई और रखरखाव पर जोर
रेल मंडल के अधिकारियों के मुताबिक, स्टेशन परिसर की लगातार निगरानी और नियमित सफाई इस उपलब्धि की प्रमुख वजह रही। प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट, वेटिंग हॉल, पार्किंग और सर्कुलेटिंग एरिया समेत स्टेशन के अलग-अलग हिस्सों की नियमित साफ-सफाई और देखरेख की जाती है।
डीआरएम ने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, वाणिज्य, परिचालन और यांत्रिक विभाग के बीच बेहतर समन्वय की भूमिका रही है। सभी विभागों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास से स्टेशन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने में मदद मिली।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्रेया सिंह, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता राजीव रंजन और मंडल परिचालन प्रबंधक बीएन शर्मा समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़े – JHARKHAND DIGITAL EXCLUSIVE: डर गया टाइगर? सोशल मीडिया से ‘टाइगर’ और ‘क्रांति’ गायब
