Tuesday, October 13

रांची, 17 अगस्त 2026: रांची में भक्ति, संगीत और सामूहिक सहभागिता से सजी एक खास शाम का आयोजन होने जा रहा है। माहेश्वरी महिला समिति एवं माहेश्वरी युवा संगठन, रांची के संयुक्त तत्वावधान में ‘रास एंड रिदम – भजन जैमिंग सेशन’ का आयोजन 22 अगस्त को डंगराटोली स्थित स्वर्णभूमि वेंकट में किया जाएगा।

आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को रोजमर्रा की व्यस्त जिंदगी से कुछ समय निकालकर भक्ति और संगीत के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ना है। कार्यक्रम में केवल भजनों की प्रस्तुति ही नहीं होगी, बल्कि प्रतिभागियों को सामूहिक रूप से भजन गायन और जैमिंग में शामिल होने का भी अवसर मिलेगा। परिवार और दोस्तों के साथ इस संगीतमय शाम का आनंद लिया जा सकेगा।

कार्यक्रम में प्रवेश के लिए प्रति व्यक्ति 700 रुपये का पास निर्धारित किया गया है। इसमें फूड प्लेटर भी शामिल रहेगा।

नेपाल का ‘लोकल जैमर्स नेपाल’ बैंड होगा खास आकर्षण

‘रास एंड रिदम’ की सबसे खास प्रस्तुतियों में नेपाल से आने वाला ‘लोकल जैमर्स नेपाल’ बैंड शामिल रहेगा। बैंड की ओर से लाइव म्यूजिक, जैमिंग और भक्ति संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी। आयोजकों का कहना है कि नेपाली बैंड की प्रस्तुति कार्यक्रम को अलग रंग देगी और रांचीवासियों को भक्ति संगीत का नया अनुभव मिलेगा।

आयोजक बोले- भक्ति के साथ सकारात्मकता से जुड़ने का मौका

कार्यक्रम के प्रोजेक्ट चेयरमैन गौरव काबरा ने बताया कि ‘रास एंड रिदम’ को केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के तौर पर नहीं, बल्कि भक्ति, संगीत और सामाजिक जुड़ाव को एक मंच पर लाने की पहल के रूप में तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि व्यस्त जीवनशैली के बीच लोगों को ऐसा अवसर मिलना चाहिए, जहां वे कुछ समय के लिए रोजमर्रा की चिंताओं से दूर होकर संगीत और भक्ति से जुड़ सकें।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठन के पदाधिकारी और सदस्य अलग-अलग जिम्मेदारियों के साथ तैयारियों में जुटे हैं।

आयोजन की तैयारियों में पंकज साबू, विनय मंत्री, प्रतीक साबू, सौरभ साबू, दीपक मारू, अंकुर डागा, उत्सव मंत्री, हेमंत माहेश्वरी, सर्वेश माहेश्वरी, हर्षित चितलांगिया, दिनेश काबरा, संगीता चितलांगिया, विजयश्री साबू, श्याम बियाणी, विनिता बियाणी और वंदना मारू समेत संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य सहयोग कर रहे हैं।

आयोजकों ने रांचीवासियों से परिवार और दोस्तों के साथ कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उनके अनुसार, ‘रास एंड रिदम’ की शाम भक्ति, लाइव संगीत और सामूहिक सहभागिता के जरिए एक यादगार अनुभव देने की कोशिश होगी।

इसे भी पढ़े – NTPC के पदाधिकारियों को ग्रामीणों ने बनाया बंधक

Share.
Next Story
डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा बने भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री, झारखंड से राष्ट्रीय संगठन में बढ़ी जिम्मेदारी
Exit mobile version