Friday, November 27

सबसे ऊंची बोली लगाने वाली कंपनी पर होगी कार्रवाई, नगर निगम टेंडर रद्द कर ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी में

रांची: राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित चिल्ड्रन पार्क के संचालन की प्रक्रिया एक बार फिर अटक गई है। पार्क के संचालन और रखरखाव के लिए आयोजित ऑनलाइन नीलामी में 1.65 करोड़ रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाने वाली कंपनी ने निर्धारित समय के भीतर जरूरी दस्तावेज जमा नहीं किए। इस लापरवाही के बाद रांची नगर निगम अब कंपनी का टेंडर रद्द करने की तैयारी कर रहा है। इसके साथ ही कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

दरअसल, रांची नगर निगम ने मोरहाबादी चिल्ड्रन पार्क के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी सौंपने के लिए तीन साल की अवधि का टेंडर जारी किया था। इसके लिए निगम ने लगभग 22 लाख रुपये का आरक्षित मूल्य तय किया था। ऑनलाइन ऑक्शन के दौरान एक कंपनी ने तीन साल के लिए 1.65 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी। यह बोली अन्य प्रस्तावों की तुलना में सबसे अधिक थी। इससे निगम को पार्क के संचालन के जरिए अच्छी राजस्व प्राप्ति की उम्मीद जगी थी।

1.65 करोड़ की बोली के बाद भी पूरी नहीं की प्रक्रिया

टेंडर की प्रक्रिया के अनुसार, ऑनलाइन नीलामी में शामिल होने के शुरुआती चरण में सभी दस्तावेज जमा करना अनिवार्य नहीं था। हालांकि, सबसे अधिक बोली लगाने वाली कंपनी को नीलामी के बाद निर्धारित समय सीमा में जरूरी कागजात जमा करने और अन्य औपचारिकताएं पूरी करनी थीं। लेकिन कंपनी ने तय समय में दस्तावेज जमा नहीं किए।

इसके कारण निगम के सामने टेंडर प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में परेशानी खड़ी हो गई है। अब निगम इस बोली को रद्द करने की दिशा में कार्रवाई कर रहा है।

कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की भी तैयारी

नगर निगम इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। टेंडर रद्द करने के साथ संबंधित कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की भी तैयारी है। अगर कंपनी के खिलाफ यह कार्रवाई होती है, तो भविष्य में निगम की निविदा प्रक्रियाओं में उसकी भागीदारी प्रभावित हो सकती है।

अब नए सिरे से जारी होगा टेंडर

मौजूदा टेंडर रद्द होने के बाद मोरहाबादी चिल्ड्रन पार्क के संचालन और रखरखाव के लिए नए सिरे से निविदा जारी की जाएगी। इससे पार्क के संचालन की प्रक्रिया में देरी होने की संभावना है। फिलहाल सभी की नजर नगर निगम की अगली कार्रवाई पर है। अब देखना होगा कि नए टेंडर के जरिए पार्क के संचालन की जिम्मेदारी किस कंपनी को मिलती है।

Share.
Next Story
होटवार जेल में कथित यौनाचार मामले की जांच तेज, पीड़ित ने चार जगहों की कराई पहचान
Exit mobile version