Friday, November 27

नया मोड़ के मैरिज हॉल में शादी के दौरान पहुंची पुलिस, पटना निवासी युवक पर पहली पत्नी ने लगाया पांच लाख रुपये दहेज मांगने और प्रताड़ित करने का आरोप

बोकारो: झारखंड के बोकारो में शादी समारोह के बीच उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने पहली पत्नी की शिकायत पर दूल्हे की दूसरी शादी रुकवा दी। घटना 25 नवंबर की रात नया मोड़ स्थित वेस्टर्न फॉर्म मैरिज हॉल की है। यहां पटना निवासी निवास कुमार वर्मा की शादी हो रही थी। इसी दौरान सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की पक्ष को युवक की पहली शादी के बारे में जानकारी दी। इसके बाद दुल्हन पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया और बारात को बिना दुल्हन के ही लौटना पड़ा।

2023 में हुई थी पहली शादी, दहेज प्रताड़ना का आरोप

मामले में बिहार के नालंदा निवासी मुस्कान कुमारी ने पुलिस से शिकायत की है। मुस्कान के मुताबिक, उसकी शादी 28 मई 2023 को पटना के संपतचक निवासी निवास कुमार वर्मा के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष की ओर से पांच लाख रुपये दहेज की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर उसे प्रताड़ित किया गया और घर से निकाल दिया गया।

मुस्कान ने बताया कि इस मामले में पटना के गौरीचक थाने में दहेज प्रताड़ना से संबंधित प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।

पहली पत्नी की शिकायत पर मैरिज हॉल पहुंची पुलिस

मुस्कान को जब जानकारी मिली कि उसका पति बोकारो में दूसरी शादी करने जा रहा है, तो उसने बोकारो पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद सिटी थाना पुलिस नया मोड़ स्थित मैरिज हॉल पहुंची।

पुलिस ने शादी समारोह में मौजूद लड़की पक्ष को निवास कुमार वर्मा की पहली शादी और उससे जुड़े मामले की जानकारी दी। इसके बाद लड़की पक्ष ने शादी से पीछे हटने का फैसला किया। देखते ही देखते शादी समारोह की खुशियां अफरा-तफरी में बदल गईं और बारात बिना शादी किए वापस लौट गई।

पति और ससुराल वालों पर कार्रवाई की मांग

इस घटना के बाद मुस्कान के परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है। परिवार ने पति और उसके परिजनों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर नजर बनी हुई है।

Share.
Next Story
पाकुड़ में बड़ा सड़क हादसा, मालीपाड़ा पुल से नीचे गिरी स्कॉर्पियो; तीन लोग गंभीर घायल
Exit mobile version