Monday, November 23

विशाखापत्तनम उपभोक्ता आयोग का आदेश, मानसिक परेशानी के लिए एक लाख और मुकदमे के खर्च के रूप में 10 हजार रुपये देने होंगे

हॉस्टल में सीनियर छात्रों द्वारा सातवीं कक्षा के 12 वर्षीय छात्र की पिटाई के मामले में स्कूल को आर्थिक जवाबदेही उठानी होगी। विशाखापत्तनम उपभोक्ता आयोग ने स्कूल को छात्र के अभिभावकों से ली गई 1.65 लाख रुपये की फीस वापस करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही मानसिक परेशानी के लिए एक लाख रुपये मुआवजा और मुकदमे के खर्च के रूप में 10 हजार रुपये देने होंगे। इस तरह स्कूल को कुल 2.75 लाख रुपये का भुगतान करना होगा।

यह मामला विशाखापत्तनम के आनंदपुरम स्थित एक स्कूल का है। शिकायत के अनुसार, छात्र के अभिभावकों ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 में उसे सातवीं कक्षा में दाखिला दिलाया था। इसके लिए 50 हजार रुपये टर्म फीस, एक लाख रुपये नामांकन शुल्क और 15 हजार रुपये सिक्योरिटी डिपॉजिट के तौर पर जमा किए गए थे।

मां को फोन कर स्कूल बुलाया, फिर बताई पिटाई की बात

अभिभावकों की शिकायत के मुताबिक, 13 जुलाई 2024 को स्कूल के प्रशासनिक अधिकारी ने छात्र की मां को फोन किया और तत्काल स्कूल पहुंचने को कहा। जब वह स्कूल पहुंचीं, तो उन्हें बताया गया कि हॉस्टल में सीनियर छात्रों ने उनके बेटे की पिटाई की है। इस घटना के बाद अभिभावकों ने स्कूल में बच्चे की पढ़ाई जारी नहीं रखने का फैसला किया और जमा की गई फीस वापस मांगी।

आयोग ने कहा- भरोसा टूटने पर फीस वापस मांग सकते हैं अभिभावक

मामले की सुनवाई के बाद आयोग के अध्यक्ष डॉ. गुडला तनुजा और सदस्य वारी कृष्ण मूर्ति ने 24 अक्टूबर को आदेश जारी किया। आयोग ने कहा कि अभिभावक शैक्षणिक संस्थानों की प्रतिष्ठा और वहां मिलने वाली बेहतर शिक्षा, संस्कार एवं अनुशासित वातावरण की उम्मीद में अपने बच्चों का दाखिला कराते हैं। लेकिन हॉस्टल या संस्थान में हुई किसी घटना से उनका भरोसा टूटता है, तो उन्हें बच्चे की पढ़ाई बंद करने और जमा की गई फीस वापस मांगने का अधिकार है।

इसी आधार पर आयोग ने स्कूल को 1.65 लाख रुपये फीस लौटाने, मानसिक परेशानी के लिए एक लाख रुपये मुआवजा और मुकदमे के खर्च के रूप में 10 हजार रुपये देने का निर्देश दिया।

Share.
Next Story
रांची में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा कसने की तैयारी, जेल से छूटे अपराधियों का होगा सत्यापन
Exit mobile version