रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और विकसित भारत के संकल्प को लेकर बीजेपी की ओर से रांची के ओटीसी ग्राउंड में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बीजेपी नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए बदलावों और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को लेकर कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, झारखंड बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, संगठन महामंत्री पवन साय, पूर्व संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, विधायक सीपी सिंह और नवीन जायसवाल, रांची की महापौर रोशनी खलखो समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभा के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
‘नेशन फर्स्ट’ को बताया मोदी की राजनीति का आधार
सभा को संबोधित करते हुए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल को देश के करोड़ों लोगों के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम करने का मूल मंत्र ‘नेशन फर्स्ट’ है और इसी सोच के साथ देश को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बीजेपी के करोड़ों कार्यकर्ता लगातार बिना रुके और बिना थके काम कर रहे हैं। उनके मुताबिक, इसी सामूहिक प्रयास का परिणाम है कि भारत वैश्विक स्तर पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और देश की अर्थव्यवस्था 4 ट्रिलियन डॉलर की दिशा में बढ़ रही है।
दुनिया भारत की ओर देख रही है: संजय सेठ
रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि भारत आज आर्थिक ताकत के साथ-साथ सैन्य शक्ति के रूप में भी अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। मैन्युफैक्चरिंग, इनोवेशन और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर उम्मीद और संभावनाओं की नजर से देख रही है।
संजय सेठ ने कहा कि एक समय ऐसा था जब कई देश भारत को चुनौती देने या आंख दिखाने की कोशिश करते थे, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि भारत किसी भी चुनौती का जवाब देने में सक्षम है और देश की सुरक्षा तथा संप्रभुता से समझौता नहीं किया जाएगा।
2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य
संजय सेठ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल को देशवासियों के लिए ‘मोटिवेशन और एनर्जी’ बताते हुए कहा कि अब लक्ष्य सिर्फ वर्तमान उपलब्धियों तक सीमित नहीं है। भारत के सामने 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का बड़ा संकल्प है।
उन्होंने कहा कि विमान निर्माण से लेकर आधुनिक टेक्नोलॉजी तक भारत को कई क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनना होगा। प्रधानमंत्री ने ‘वी विल डू इट’ का संकल्प दिया है और इसी आत्मविश्वास के साथ भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में आगे बढ़ना है।
140 करोड़ भारतीयों को बताया भारत की ताकत
रक्षा राज्य मंत्री ने देश की बड़ी आबादी को चुनौती नहीं बल्कि ताकत बताया। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासी भारत का सबसे बड़ा संसाधन और वर्कफोर्स हैं। यही मानव संसाधन भारत को दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी जगह मजबूत करने की क्षमता देता है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत का लक्ष्य ओलंपिक में बेहतर प्रदर्शन करना, देश में आधुनिक विमानों का निर्माण करना, 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था हासिल करना और 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करना है।
संकल्प के साथ रवाना हुई ‘सेवा ज्योति यात्रा’
कार्यक्रम के अंत में बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देश सेवा और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया। इसके बाद ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को अगले पड़ाव के लिए रवाना किया गया। सभा को पार्टी के लिए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और विकसित भारत के मुद्दे को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के अभियान के तौर पर देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू समेत पार्टी के अन्य नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।


