सिमडेगा। 21वीं मेजर ध्यानचंद सीनियर सिमडेगा जिला पुरुष एवं महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 में शुक्रवार को पुरुष वर्ग के छह लीग मुकाबले खेले गए। इसके साथ ही पुरुष वर्ग के सभी 80 लीग मैच पूरे हो गए हैं। प्रतियोगिता में 40 टीमों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से आठ टीमों ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त से शुरू हुई इस प्रतियोगिता का आयोजन हॉकी झारखंड के मार्गदर्शन में हॉकी सिमडेगा और खेल विभाग, सिमडेगा के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम एवं एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में किया जा रहा है।
इन 8 टीमों ने बनाई क्वार्टर फाइनल में जगह
पुरुष वर्ग में पूल-A से सीओई सिमडेगा, पूल-B से लिटिल टाइगर, पूल-C से पुलिस केंद्र सिमडेगा, पूल-D से आदिवासी हॉस्टल सिमडेगा-A, पूल-E से लोंबोई, पूल-F से मास्टर ब्रदर, पूल-G से केंद्रीय विद्यालय सिमडेगा-A और पूल-H से सेंट मेरीज हाई स्कूल सिमडेगा ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया है।
आज के मुकाबलों में दिखा रोमांच
11 सितंबर को खेले गए मुकाबलों में पुलिस केंद्र सिमडेगा और टेसर ग्रामीण के बीच मैच फॉरफिट रहा। डिंगुरपानी ने आरसी कोचेडेगा को 1-0 से हराया। आदिवासी हॉस्टल-A और सुरीन ब्रदर के बीच मुकाबला 3-3 की बराबरी पर समाप्त हुआ।
वहीं गोंडवाना ब्रदर ने संत अन्ना सामटोली-B को 5-2 से मात दी। जिलिंगा ताराबोगा और संत जॉन्स स्कूल कुरडेग का मैच 1-1 से ड्रॉ रहा। दिन के एक अन्य मुकाबले में लिटिल टाइगर्स ने मांझी क्लब आसनबेड़ा को 7-1 से हराया।
12 सितंबर को होंगे क्वार्टर और सेमीफाइनल
क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में सीओई सिमडेगा का सामना सेंट मेरी हाई स्कूल समटोली से, लिटिल टाइगर का मुकाबला केवीएस सिमडेगा से, पुलिस केंद्र सिमडेगा का मुकाबला मास्टर ब्रदर से और आदिवासी हॉस्टल-A की भिड़ंत लोंबोई से होगी।
इसके बाद दो सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के पुरुष और महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले 13 सितंबर 2026 को आयोजित किए जाएंगे।
महिला वर्ग का भी फाइनल तय
महिला वर्ग में कुल 18 टीमों ने भाग लिया है। अब तक 38 मुकाबले खेले जा चुके हैं और केवल फाइनल मुकाबला बाकी है। महिला वर्ग के फाइनल में सीओई सिमडेगा-A और आवासीय हॉकी सेंटर सिमडेगा ने अपनी जगह पक्की कर ली है।
दरअसल, प्रतियोगिता का आयोजन पहले 29 अगस्त से 12 सितंबर तक होना था। झारखंड सरकार के मंत्री के आकस्मिक निधन के कारण दो दिनों तक मैच स्थगित होने से कार्यक्रम प्रभावित हुआ। अब संशोधित कार्यक्रम के अनुसार प्रतियोगिता का समापन 13 सितंबर को होगा।
प्रतियोगिता के दौरान हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष सुनील तिर्की सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मुकाबलों की शुरुआत कराई। आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के साथ तकनीकी अधिकारी, निर्णायक, सिमडेगा सदर अस्पताल की मेडिकल टीम और सिमडेगा पुलिस का भी सहयोग मिल रहा है।
