पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) : बिहार में पुलिस की छवि सुधारने और लोगों के साथ बेहतर व्यवहार करने के लिए पीपल फ्रेंडली पुलिसिंग की बात की जाती है, लेकिन पूर्वी चंपारण में एक दारोगा पर लगे गंभीर आरोपों ने पुलिस विभाग को कटघरे में खड़ा कर दिया है। जमीन विवाद में महिला की मदद करने और प्राथमिकी दर्ज नहीं करने के नाम पर पैसे मांगने के साथ-साथ अनुचित मांग करने का आरोप लगा है। मामले में महिला और दारोगा के बीच बातचीत का एक ऑडियो भी वायरल हुआ है। इसके बाद एसपी स्वर्ण प्रभात ने संबंधित दारोगा को निलंबित कर दिया है।
हालांकि, वायरल ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, विभागीय जांच में लगाए गए आरोप सही पाए गए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जमीन विवाद में मदद के नाम पर मांगे 20 हजार रुपये
मामला पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाना क्षेत्र के श्रीपुर गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, गांव में दो पड़ोसियों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। एक महिला ने अपनी जमीन से कथित अवैध कब्जा हटवाने के लिए पुलिस से मदद मांगी थी।
महिला का आरोप है कि सुगौली थाना में पदस्थापित दारोगा शैलेश कुमार ने मामले में मदद करने और FIR दर्ज नहीं करने के नाम पर 20 हजार रुपये की मांग की थी। महिला का कहना है कि वह दारोगा को 4 हजार रुपये दे चुकी थी।
वायरल ऑडियो में अनुचित मांग की भी चर्चा
इस मामले में महिला और दारोगा के बीच बातचीत का एक ऑडियो सामने आया है। वायरल ऑडियो में महिला कथित तौर पर दारोगा से कहती सुनाई दे रही है कि सर, FIR मत कीजिएगा, मुझे बहुत डर लगता है। आप जो कहेंगे, हम कर देंगे।
इसके जवाब में दारोगा की आवाज में कथित तौर पर कहा जाता है कि ‘तो रहो एक रात तो रहो।’
बातचीत के दौरान पैसों के लेनदेन का भी जिक्र आता है। महिला कथित तौर पर कहती है कि सर, क्या उन लोगों ने हमसे ज्यादा पैसा दिया है? हमने आपको 4 हजार रुपये दिए हैं ? ऑडियो में कथित बातचीत और महिला के आरोपों के सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ने लगा।
जदयू नेता की शिकायत के बाद एसपी ने लिया एक्शन
मामले को लेकर जदयू के प्रखंड अध्यक्ष अरविंद कुशवाहा ने पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों से शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद एसपी स्वर्ण प्रभात ने मामले की जांच कराई।
एसपी के अनुसार, विभागीय जांच में आरोप सही पाए गए हैं। इसके बाद दारोगा शैलेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई की जा रही है।
