धनबाद: अगर आप धनबाद की सड़कों पर वाहन चला रहे हैं तो ट्रैफिक नियमों का पालन करना अब पहले से कहीं अधिक जरूरी हो गया है। नियमों की अनदेखी आपकी जेब पर भारी पड़ सकती है। धनबाद ट्रैफिक पुलिस ने जुलाई महीने में विशेष अभियान चलाकर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की है। इस दौरान विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से करीब एक करोड़ रुपये का चालान वसूला गया।
ट्रैफिक पुलिस ने पूरे जुलाई माह में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, व्यस्त सड़कों और संवेदनशील इलाकों में लगातार जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान रॉन्ग साइड ड्राइविंग, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना, ओवरस्पीडिंग तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य लोगों से जुर्माना वसूलकर राजस्व बढ़ाना नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। उन्होंने कहा कि यदि सभी वाहन चालक यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करें तो सड़क हादसों में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।
एसएसपी ने सभी वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि सड़क पर निकलने से पहले अपने ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का रजिस्ट्रेशन, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज की जांच अवश्य कर लें। साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा रॉन्ग साइड ड्राइविंग और ओवरस्पीडिंग जैसी खतरनाक आदतों से बचें।
इधर, ट्रैफिक पुलिस की इस कार्रवाई को आम लोगों का भी समर्थन मिला है। स्थानीय निवासी हातिम अंसारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उनका कहना है कि नियमों की अनदेखी केवल आर्थिक नुकसान ही नहीं पहुंचाती, बल्कि कई बार गंभीर सड़क दुर्घटनाओं और जान-माल के नुकसान का कारण भी बनती है।
धनबाद ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में भी विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे में वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे सभी यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सुरक्षित, सुगम और अनुशासित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
इसे भी पढ़े – झारखंड हाईकोर्ट सख्त: पलामू के DMO और छतरपुर थाना प्रभारी पर 50-50 हजार रुपये का जुर्मान
