स्वास्थ्य मंत्री के बयान के बाद आंदोलनकारियों ने बदली रणनीति, NHM मुख्यालय पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री आवास घेराव की दी चेतावनी
रांची: झारखंड में सरकारी 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारियों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी है। शनिवार को राज्य के अलग-अलग जिलों से कर्मचारी रांची पहुंचे और नामकुम स्थित स्वास्थ्य मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। खराब मौसम के बावजूद कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के बयान का भी विरोध किया।
108 एंबुलेंस के करीब 500 कर्मचारी 18 नवंबर की रात आठ बजे से हड़ताल पर हैं। पहले कर्मचारियों ने अलग-अलग जिलों में प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी, लेकिन अब उन्होंने अपनी रणनीति बदल दी है। कर्मचारी अब रांची में ही जुटकर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करेंगे।
NHM मुख्यालय के बाहर किया प्रदर्शन
शनिवार को नामकुम स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के मुख्य गेट पर कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि रविवार को रांची में मार्च निकाला जाएगा। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो मुख्यमंत्री आवास के सामने प्रदर्शन किया जाएगा।
जाने क्या हैं कर्मचारियों की मांगें?
हड़ताली कर्मचारियों की मांग है कि सम्मान फाउंडेशन कंपनी को हटाकर ब्लैकलिस्ट किया जाए और नई कंपनी का चयन किया जाए। कर्मचारियों ने नौकरी की सुरक्षा और समय पर वेतन देने की भी मांग की है।
इसके अलावा न्यूनतम मजदूरी, ईपीएफ, ईएसआईसी, छुट्टी, ओवरटाइम, जीवन बीमा और बोनस जैसी सुविधाएं देने की मांग की गई है। कर्मचारियों का कहना है कि एंबुलेंस खराब होने या मरीजों का केस नहीं मिलने पर उनके वेतन में कटौती नहीं होनी चाहिए।
कर्मचारियों ने अगस्त, सितंबर और अक्टूबर 2026 का बकाया वेतन जल्द देने की मांग भी की है। साथ ही फरवरी 2025 से अब तक के वेतन और ईपीएफ की जांच कराने की मांग उठाई है।
कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।


