70वीं राष्ट्रीय विद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में झारखंड का बढ़ाया मान, 1500 मीटर में 4:03.38 और 800 मीटर में 1:55.85 मिनट का समय किया दर्ज
रांची: मध्य प्रदेश के शिवपुरी में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता (SGFI) 2026-27 में झारखंड के एथलीट सुभाष उरांव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 बालक वर्ग की 800 और 1500 मीटर दौड़ में दो रजत पदक जीते. श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित प्रतियोगिता में सुभाष ने दोनों स्पर्धाओं में दूसरा स्थान हासिल कर राज्य का गौरव बढ़ाया.
सुभाष ने 1500 मीटर दौड़ के फाइनल में 4 मिनट 03.38 सेकंड का समय निकालकर रजत पदक अपने नाम किया. वहीं, इससे पहले 15 नवंबर को आयोजित 800 मीटर दौड़ के फाइनल में उन्होंने 1 मिनट 55.85 सेकंड का समय दर्ज कर दूसरा स्थान हासिल किया था. इस तरह एक ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दो व्यक्तिगत रजत पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया.
यह प्रतियोगिता स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के नेतृत्व में आयोजित राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का हिस्सा है. झारखंड एथलेटिक्स दल के टीम मैनेजर ज्ञान प्रकाश ठाकुर और कोच रामानंद घोष के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया.
सुभाष की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार और राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग समेत राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने बधाई दी है.
