रांची एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबले का गवाह बनने जा रहा है। 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच को लेकर झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। स्टेडियम में साफ-सफाई, रंग-रोगन और रिपेयर-मेंटेनेंस का काम चल रहा है।
मैच के दौरान टिकट बिक्री समेत अन्य व्यवस्थाओं के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। टिकट से जुड़े टेंडर को जल्द खोले जाने की संभावना है। इसके बाद जेएससीए की ओर से टिकट बिक्री की आधिकारिक तारीख और अलग-अलग श्रेणियों की कीमतों की घोषणा की जाएगी।
ऑनलाइन-ऑफलाइन दोनों विकल्प
जेएससीए सचिव सौरभ तिवारी के अनुसार क्रिकेट प्रशंसकों को टिकट खरीदने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प उपलब्ध कराए जाएंगे। मौजूदा तैयारियों के मुताबिक 5 या 6 अक्टूबर से टिकट बिक्री शुरू होने की संभावना है। हालांकि अंतिम तारीख टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही तय होगी।
दर्शकों की सुविधा के लिए जेएससीए स्टेडियम में छह टिकट काउंटर बनाए जाने की बात कही गई है। टिकट की कीमतों को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। करीब साढ़े तीन साल बाद रांची में भारत का टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला होने से क्रिकेट प्रशंसकों में टिकट को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
रांची में पांचवां पुरुष टी-20 इंटरनेशनल
9 अक्टूबर का भारत-वेस्टइंडीज मुकाबला रांची में होने वाला पांचवां पुरुष टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच होगा। इससे पहले यहां भारत ने श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 मुकाबले खेले हैं।
रांची में पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच 2016 में भारत और श्रीलंका के बीच हुआ था, जिसमें भारत ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद भारत ने ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ भी मुकाबले खेले। हालांकि 27 जनवरी 2023 को न्यूजीलैंड ने भारत को 21 रन से हराकर रांची में भारत को पहली टी-20 अंतरराष्ट्रीय हार दी थी। अब वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले के लिए स्टेडियम की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम तेजी से किया जा रहा है।
इसे भी पढ़े: नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर बचपन के दोस्त ने लिखी भावुक चिट्टी , कहा- हमारी दोस्ती कृष्ण-सुदामा जैसी
