रांची. डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) में सीटों में कटौती, आरक्षण नीति के उल्लंघन और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों का प्रदर्शन शनिवार को उग्र हो गया. स्थिति को देखते हुए परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और प्रशासनिक भवन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई. प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा.
छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने पारंपरिक और व्यावसायिक स्नातक पाठ्यक्रमों में सीटों की संख्या में भारी कटौती की है. उनका कहना है कि झारखंड के गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चे बीसीए, बीबीए और बीकॉम जैसे व्यावसायिक कोर्स के लिए महंगे निजी संस्थानों का खर्च वहन नहीं कर सकते. ऐसे में सरकारी विश्वविद्यालयों में सीटें घटने से बड़ी संख्या में छात्र उच्च शिक्षा से वंचित हो सकते हैं या उन्हें पढ़ाई के लिए अन्य राज्यों का रुख करना पड़ सकता है, जिससे राज्य की शिक्षा व्यवस्था की समावेशिता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.


