हड़ताल के दौरान 108 एंबुलेंस कर्मचारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन यानी एनएचएम, झारखंड कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेंगे। संघ ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं पर संकट गहराने के आसार हैं। राज्य में 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारी आज यानी 18 नवंबर की रात 8 बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। लंबित वेतन का भुगतान नहीं होने और अन्य समस्याओं का समाधान नहीं किए जाने से नाराज झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ ने राज्यव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। कर्मचारियों के इस फैसले से आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है कि हड़ताल के दौरान मरीजों को एंबुलेंस की सुविधा कैसे मिलेगी और सरकार इस समस्या का समाधान कब तक करेगी?
संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी के मुताबिक, कर्मचारियों का अगस्त से अक्टूबर 2026 तक का वेतन बकाया है। इसके अलावा फरवरी 2025 से वेतन में कथित तौर पर की जा रही मनमानी कटौती का मामला भी अब तक नहीं सुलझा है। संघ की मांग है कि इस पूरे मामले की जांच कराई जाए और कर्मचारियों की काटी गई राशि वापस की जाए।
एंबुलेंस संचालन और भुगतान में अनियमितता का आरोप
कर्मचारियों ने वेतन भुगतान से जुड़े संदिग्ध दस्तावेजों की उच्चस्तरीय जांच की भी मांग की है। इसके साथ ही खराब एंबुलेंस के नाम पर सरकारी राशि के भुगतान, कर्मचारियों पर फर्जी केस आईडी बनाने का दबाव और निजी पैसे से एंबुलेंस की मरम्मत कराने जैसी शिकायतों पर कार्रवाई की मांग उठाई है।
आश्वासन के बाद भी नहीं हुआ समाधान
संघ का कहना है कि इन समस्याओं को लेकर पहले भी कई बार आंदोलन किया गया, लेकिन हर बार आश्वासन मिलने के बाद हड़ताल स्थगित कर दी गई। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के साथ हुई वार्ता में छठ पूजा तक मांगों का समाधान करने का भरोसा दिया गया था। लेकिन समय सीमा बीत जाने के बाद भी न तो बकाया वेतन मिला और न ही दूसरी समस्याओं का समाधान हुआ।
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी हड़ताल
प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने स्पष्ट कहा है कि अब कर्मचारी सिर्फ आश्वासन के भरोसे आंदोलन वापस नहीं लेंगे। जब तक बकाया वेतन का भुगतान और सभी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
वहीं, आंदोलन की आगे की रणनीति तय करने के लिए 18 नवंबर को रांची के धुर्वा स्थित भारतीय मजदूर संघ कार्यालय में सभी जिलों के अध्यक्षों और सचिवों की बैठक बुलाई गई है। संघ ने राज्यभर के 108 एंबुलेंस कर्मचारियों से एकजुट होकर इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।
108 एंबुलेंस कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का सीधा असर राज्य की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ेगी। खासकर सड़क दुर्घटना, गंभीर रूप से बीमार मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में परेशानी हो सकती है। अगर हड़ताल के दौरान एंबुलेंस सेवा बाधित होती है, तो मरीजों और उनके परिजनों की मुश्किलें बढ़ जायेंगी।
