पलामू: सरकारी योजनाओं में कथित भ्रष्टाचार के करीब तीन दशक पुराने मामले में पलामू में ACB ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को एसीबी की टीम ने छतरपुर, नौडीहा बाजार और चैनपुर इलाके में एक साथ मैराथन छापेमारी की। कई घंटे तक चली कार्रवाई के बाद टीम ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में रिटायर लोक सेवकों के साथ ठेकेदार भी शामिल हैं।
मामला करीब तीन दशक पुराना है। यह 1996 का मामला बताया जा रहा है, जब अविभाजित बिहार के दौरान पलामू के छतरपुर और नौडीहा बाजार क्षेत्र में सड़क निर्माण और कूप निर्माण से जुड़ी योजनाओं का क्रियान्वयन कराया गया था। इन योजनाओं में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और भ्रष्टाचार की शिकायत सामने आई थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान योजनाओं से जुड़े लोगों की भूमिका को लेकर जानकारी जुटाई गई। इसी जांच के आगे बढ़ने के बाद गुरुवार को एसीबी ने एक साथ कई ठिकानों पर कार्रवाई की।
कई घंटे चली छापेमारी, छह आरोपी गिरफ्तार
गुरुवार को एसीबी की टीम अचानक आरोपियों की तलाश में अलग-अलग इलाकों में पहुंची और छापेमारी शुरू कर दी। छतरपुर, नौडीहा बाजार और चैनपुर में कई घंटे तक कार्रवाई चलती रही। इसके बाद टीम ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को पलामू प्रमंडलीय एसीबी कार्यालय लाया गया। यहां आरोपियों से पूछताछ की गई। पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद देर शाम सभी आरोपियों की मेडिकल जांच कराई गई और फिर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
करीब डेढ़ दर्जन आरोपी, अभी कई फरार
बताया जा रहा है कि भ्रष्टाचार से जुड़े इस मामले में करीब डेढ़ दर्जन आरोपी हैं। इनमें से फिलहाल छह लोगों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि बड़ी संख्या में आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। ऐसे में एसीबी की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की संभावना है।
यह मामला एसीबी के पास 2016 में पहुंचा था। शिकायत और जांच की प्रक्रिया के बाद अब जाकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू हुई है। करीब 30 साल पुराने मामले में एसीबी की इस कार्रवाई को सरकारी योजनाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
एसीबी डीएसपी सुदर्शन आस्तिक ने कार्रवाई की पुष्टि की है। एसीबी अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश और आगे की कार्रवाई में जुटी है।
इसे भी पढ़े – रांची में बोरिंग करवाने से पहले सावधान! पड़ सकता है 1 लाख का जुर्माना
