वाइब्रेंट गोवा ग्लोबल बिजनेस समिट में रक्षा राज्य मंत्री ने निवेश, नवाचार और उद्यमिता को बताया आर्थिक प्रगति का आधार; प्रदर्शनी स्टॉलों का किया निरीक्षण, उद्यमियों से की बातचीत
बांबोलिम/रांची। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य सामूहिक प्रयास, दृढ़ संकल्प और आपसी सहयोग से ही हासिल किया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, नवाचार और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है। निवेश, उद्यमिता और औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देने वाले आयोजन देश की आर्थिक प्रगति को नई गति देते हैं।
संजय सेठ शनिवार को गोवा में आयोजित तीन दिवसीय वाइब्रेंट गोवा ग्लोबल बिजनेस समिट 2026 में शामिल हुए। उन्होंने समिट को विकसित भारत @2047 के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे मंच उद्योग जगत, निवेशकों और उद्यमियों को एक साथ लाकर सहयोग और व्यावसायिक संभावनाओं के नए रास्ते खोलते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के साझा प्रयासों से विकसित भारत का सपना जरूर साकार होगा। उन्होंने कहा, “हम सब मिलकर विकसित भारत के सपने को साकार करेंगे। हम यह करके दिखाएंगे।”
प्रदर्शनी स्टॉलों का किया निरीक्षण
समिट के दौरान रक्षा राज्य मंत्री ने विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शकों और उद्यमियों से बातचीत कर उनके उत्पादों, नवाचारों और उभरती तकनीकों की जानकारी ली। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों और नई तकनीकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय उद्योगों, स्टार्टअप और उद्यमियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही उद्योगों के बीच साझेदारी और सहयोग को भी मजबूत करते हैं।
गोवा से पुराने संबंधों का किया जिक्र
कार्यक्रम के दौरान संजय सेठ ने गोवा से अपने पुराने आत्मीय संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि युवावस्था में फिल्म ‘बॉम्बे टू गोवा’ देखने के बाद से ही उनके मन में गोवा के प्रति विशेष आकर्षण रहा है। अब तक उन्हें 100 से अधिक बार गोवा आने का अवसर मिला है। यहां के लोगों का स्नेह और गोवा की संस्कृति उनके लिए हमेशा खास रही है।
समिट में गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, केंद्रीय ऊर्जा एवं नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपाद येसो नाइक, गोवा सरकार के मंत्री माविन गोडिन्हो, विधायक डॉ. देवीया विश्वजीत राणे और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एवं 1983 विश्व कप विजेता कपिल देव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा गोवा सरकार के मुख्य सचिव डॉ. वी. कैंडवेलू, उद्योग निदेशक अंकित यादव, SARC के संस्थापक सुनील कुमार गुप्ता और वाइब्रेंट गोवा फाउंडेशन के अध्यक्ष राजकुमार कामत सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति, निवेशक और उद्यमियों ने हिस्सा लिया।
