Saturday, October 31

पलामू डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शनिवार को समाहरणालय परिसर में भूमि संरक्षण विभाग, डालटनगंज द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच कृषि यंत्रों का वितरण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के अंतर्गत 50 प्रतिशत अनुदान पर ग्राम पहसैर के कसमार पंचायत , अंतर्गत तरहसी प्रखंड की प्रिया महिला विकास स्वयं सहायता समूह को ट्रैक्टर एवं अन्य सहायक कृषि यंत्र प्रदान किए गये।

वहीं,कृषि यांत्रिकीकरण प्रोत्साहन योजना के तहत 90 प्रतिशत अनुदान पर 1.5 एचपी के पंप सेट एवं 200 फीट एचडीपीई पाइप का 10 लाभुकों के बीच वितरण किया गया। डीसी ने कहा कि कृषि कार्यों में आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग किसानों के लिए लाभकारी साबित होगा। इससे खेती-किसानी के कार्यों में आसानी होगी, सिंचाई की सुविधा बढ़ेगी तथा फसल उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि होगी।

मौके पर भूमि संरक्षण पदाधिकारी रिजवान अंसारी ने बताया कि वितरित किए गए कृषि यंत्रों से स्वयं सहायता समूह एवं लाभुकों को सिंचाई में सुविधा मिलेगी तथा कृषि के क्षेत्र में लाभ प्राप्त होगा। साथ ही मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत 50 प्रतिशत अनुदान पर कृषि यंत्र प्राप्त करने के लिए महिला स्वयं सहायता समूह, कृषक समूह एवं लैम्प्स-पैक्स भूमि संरक्षण कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। वहीं, केंद्र प्रायोजित पीएम राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (PM RKVY) के तहत SMAM उपयोजना में 80 प्रतिशत अनुदान पर ग्राम स्तरीय कृषि उपकरण बैंक की स्थापना (ट्रैक्टर एवं अन्य सहायक कृषि यंत्र) तथा विभिन्न कृषि यंत्रों का क्रय भी किया जा सकता है।

इसे भी पढ़े : कोडरमा पुलिस ने लापता नाबालिग को महज दो घंटो के भीतर ढूंढा, एक आरोपी गिरफ्तार

Share.
Next Story
विकसित भारत @2047 का सपना सामूहिक प्रयास और दृढ़ संकल्प से होगा साकार : संजय सेठ
Exit mobile version