रांची के रातू थाना गुड़ू ग्राम क्षेत्र में जमीन और संपत्ति को लेकर चल रहा विवाद मंगलवार को खूनी वारदात में बदल गया। इलाके में एक व्यक्ति की उसके ही सगे भाई ने कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान भिखाराम उरांव के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोप उसके भाई जयनाथ उरांव पर है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।

बताते चलें की यह घटना तक़रीबन मंगलवार दोपहर 12 बजे की बताई जा रही है। जयनाथ उरांव खेत से वापस आकर पास के कुआं में नहाने के लिए बैठा। तभी उसके छोटे भाई की पत्नी यानी भिखाराम उरांव की गृहिणी ने जयनाथ उरांव के शरीर पर खून के छीटें देखे। उन्हें शक हुआ और वह आनन फानन में खेत की ओर दौड़ी। वहां उसने अपने पति की मृत अवस्था में शरीर देखा ओर शोर मचाने लगी। शव खून से लथपथ था। इसकी सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल रातू थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच पैतृक जमीन और संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार को इसी विवाद को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद जयनाथ उरांव ने कुल्हाड़ी से भिखाराम उरांव पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
वारदात की सूचना मिलने के बाद रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के मामले में आरोपी भाई के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद से वह फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
इसे भी पढ़े – चतरा में म्यूटेशन के नाम पर रिश्वत, 10 हजार रुपये लेते कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार




