चतरा में जमीन के म्यूटेशन के नाम पर रिश्वत मांगने के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को एसीबी की टीम ने सदर अंचल क्षेत्र में तैनात राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई सदर अंचल स्थित कर्मचारी भवन में दोपहर करीब 12:45 बजे की गई।

जानकारी के मुताबिक
जानकारी के मुताबिक, लेम पंचायत हल्का नंबर सात में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद पर आरोप है कि वह एक व्यक्ति से जमीन के म्यूटेशन के बदले 10 हजार रुपये की मांग कर रहा था। रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी एसीबी को दी। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने पहले मामले का सत्यापन कराया।
शिकायत सही पाए जाने के बाद एसीबी ने आरोपी कर्मचारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार मंगलवार को शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर राजस्व कर्मचारी के पास पहुंचा। जैसे ही सतीश कुमार ने 10 हजार रुपये लिए, वहां पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने उसे दबोच लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
एसीबी की कार्रवाई से कर्मचारी भवन
अचानक हुई एसीबी की कार्रवाई से कर्मचारी भवन में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी राजस्व कर्मचारी को अपने साथ हजारीबाग ले गई। वहां उससे पूछताछ के साथ आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
एसीबी की इस कार्रवाई के बाद सदर अंचल और राजस्व विभाग से जुड़े कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति है। मामले में आगे की जांच के दौरान रिश्वत मांगने और लेने से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जाएगी।
इसे भी पढ़े – JSSC-CGL विवाद में हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से 48 घंटे में मांगा जवाब




