झारखंड: राज्य में बैंक डकैती की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। जमशेदपुर में केनरा बैंक से करीब 33 करोड़ रुपये की डकैती का मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि अपराधियों ने गिरिडीह में एक और बैंक को निशाना बना लिया। जमशेदपुर की वारदात में अब तक डकैतों का सुराग नहीं मिल पाया है और इसी बीच गुरुवार को गिरिडीह के यूको बैंक में दिनदहाड़े डकैती की घटना सामने आ गई। लगातार हो रही इन वारदातों ने बैंक और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ताजा मामला गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र स्थित यूको बैंक का है। गुरुवार दोपहर करीब पौने तीन बजे हथियारबंद अपराधियों ने बैंक में धावा बोल दिया। अपराधियों ने पहले बैंक कर्मचारियों को बंधक बनाया और फिर नकदी व जेवरात लूटकर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार डकैतों ने डकैती को अंजाम देने के लिए फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बाइक का इस्तेमाल किया है।
जमशेदपुर के बाद गिरिडीह में वारदात, पुलिस अलर्ट
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर जिले के सीमावर्ती इलाकों को सील कर दिया गया है। संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है और अपराधियों की तलाश में कार्रवाई जारी है। हालांकि, फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है। बैंक से लूटी गई नकदी और जेवरात की कुल कीमत का भी आकलन नहीं हुआ है।
33 करोड़ की डकैती का सुराग नहीं, दूसरी वारदात ने बढ़ाई चिंता
गौरतलब है कि जमशेदपुर में केनरा बैंक डकैती की घटना ने पहले ही राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे। करीब 33 करोड़ रुपये की इस डकैती के बाद अपराधियों तक पहुंचने में पुलिस को अब तक सफलता नहीं मिली है। अब गिरिडीह में यूको बैंक को निशाना बनाए जाने से बैंक डकैती की घटनाओं को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
एक तरफ जमशेदपुर की बड़ी डकैती की गुत्थी अनसुलझी है, तो दूसरी तरफ गिरिडीह में अपराधियों ने एक और वारदात को अंजाम दे दिया। ऐसे में सवाल है कि आखिर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं और बैंक जैसी संवेदनशील जगहों की सुरक्षा व्यवस्था कितनी मजबूत है?


