बोकारो: लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने मेला परिसर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, पार्किंग और सुगम यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीसी और एसपी ने पैदल मेला क्षेत्र का भ्रमण किया। इसके बाद वे टेंट सिटी पहुंचे, जहां ठहरे श्रद्धालुओं से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। दोनों अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के साथ सोना सोबरन खिचड़ी सेवा केंद्र में खिचड़ी भी ग्रहण की। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
इसके बाद उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने आश्रम विद्यालय स्थित बस पड़ाव और तुलबुल पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि पार्किंग स्थलों पर वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। जरूरत के अनुसार पार्किंग स्थलों पर स्टोन डस्ट डालने और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को भी कहा गया। अधिकारियों ने सीता नाला झरना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की। यहां महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों का जायजा लिया गया। डीसी-एसपी ने संबंधित अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया। उन्होंने महोत्सव के दौरान यातायात प्रबंधन को प्राथमिकता देने और सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक हेलीपैड स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री के 24 नवंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। इसके साथ ही दिशोम गुरु शिबू सोरेन स्मृति आरोग्य उपवन का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और सुरक्षा, स्वच्छता सहित अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।
महोत्सव के दौरान ऑफिसर्स क्लब परिसर में दिशोम गुरु शिबू सोरेन और रूपी सोरेन की स्मृति में खिचड़ी सेवा केंद्र भी संचालित किया जा रहा है। यहां श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है।
संथाली साहित्य और सेल्फी पॉइंट भी आकर्षण का केंद्र
महोत्सव में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ स्थानीय भाषा और साहित्य को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उपायुक्त अजय नाथ झा ने पुस्तक स्टॉल का भ्रमण किया और संथाली व्याकरण तथा रीति-रिवाजों से जुड़ी पुस्तकें खरीदीं। उन्होंने कहा कि स्थानीय भाषा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में पुस्तकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
वहीं, मेला परिसर में बने आकर्षक सेल्फी पॉइंट पर उपायुक्त, एसपी, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्रा और चास की अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढांडा सहित अन्य पदाधिकारियों ने तस्वीरें खिंचवाईं। यह सेल्फी पॉइंट श्रद्धालुओं और उनके परिवारों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। उपायुक्त ने कहा कि महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा, सुरक्षित वातावरण और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।


