Saturday, November 21

रांची: झारखंड में आने वाले दिनों में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल सकते हैं। एक ओर सुबह और रात के तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ेगी, तो दूसरी ओर 19 नवंबर से बादलों की आवाजाही और बारिश की गतिविधियां मौसम का मिजाज बदल सकती हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 नवंबर को राज्य के चार जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

फिलहाल राज्य में सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ रहा है। हालांकि, दोपहर में धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, 17 नवंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह कोहरा या धुंध छाई रह सकती है। दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने की संभावना है, जबकि दोपहर या शाम में कुछ जगहों पर आंशिक बादल दिखाई दे सकते हैं।

अगले कुछ दिनों में गिरेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। वहीं, अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान भी धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री तक नीचे जा सकता है। इससे सुबह और देर रात ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा।

हालांकि, तापमान में यह गिरावट लंबे समय तक एक जैसी नहीं रहेगी। पूर्वानुमान के मुताबिक, इसके बाद अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में फिर 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

रांची में 27 डिग्री तक रह सकता है अधिकतम तापमान

राजधानी रांची में 17 नवंबर को अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन में मौसम सामान्य रहने की संभावना है, लेकिन सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होगी।

19 नवंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 18 नवंबर तक राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। इस दौरान सुबह कोहरा या धुंध और कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इसके बाद 19 नवंबर से मौसम में बदलाव की संभावना है। इस दिन राज्य के दक्षिणी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन हो सकता है।

20 नवंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के आसार हैं। दक्षिणी और उससे सटे मध्य झारखंड के कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इसे देखते हुए पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इसके बाद 21 नवंबर को मध्य और उससे सटे पश्चिमी झारखंड में, जबकि 22 नवंबर को दक्षिणी और उससे सटे मध्य झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान का भी असर

बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती तूफान के कारण भी झारखंड के मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि, इसका सीधा प्रभाव राज्य पर पड़ने की संभावना नहीं है। इसके बावजूद तूफान के प्रभाव से झारखंड के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में बादल छाने, बारिश और मेघ गर्जन की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

Share.
Next Story
भूषण बाड़ा मामले में JMM महासचिव विनोद पांडेय ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग, कहा दोषियों को मिले सख्त सजा
Exit mobile version