Saturday, November 21

रांची: अनगड़ा थाना क्षेत्र के राजाडेरा गांव में 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला गरमा गया है। मृतका के मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मृतका के पति और सास को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, मायके पक्ष के लोगों ने अनगड़ा थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मृतका की पहचान जुली कुमारी (22) के रूप में हुई है। वह ओरमांझी के तेतरिया टोली निवासी राजेंद्र महतो की बेटी थी। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात ससुराल वालों ने मायके पक्ष को फोन कर जुली की मौत की सूचना दी। उन्हें बताया गया कि जुली ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। हालांकि, जब मायके वाले मौके पर पहुंचे तो शव पर चोट के कई निशान देखकर उन्होंने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाए और हत्या की आशंका जताई।

थाने पहुंचीं मायके पक्ष की महिलाएं, कार्रवाई की मांग

जुली की मौत की खबर मिलने के बाद ओरमांझी से बड़ी संख्या में महिलाएं अनगड़ा थाना पहुंचीं। उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान महिलाओं ने थाने में विरोध भी जताया। मायके पक्ष का कहना है कि जुली की मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुई है और पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए।

पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया शव

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जुली के पति मोतीलाल महतो और उसकी सास को हिरासत में लिया है। दोनों राजाडेरा गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

बताया जाता है कि जुली और मोतीलाल की शादी करीब दो साल पहले हुई थी। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Share.
Next Story
बड़कागांव घाटी में पलटा HP गैस सिलेंडर लदा वाहन, 13 माइल के पास हादसे से मची अफरा-तफरी
Exit mobile version